सतना के सॉल्वेंट प्लांट में बॉयलर फटने से भीषण आग, एक मजदूर जिंदा जला, कई झुलसे; दूर तक दिखाई दीं लपटें
सतना में बॉयलर फटने से धमाके के बाद फैक्ट्री में भीषण आग लग गई.
Input- प्रशांत सिंह परिहार
MP News: मध्य प्रदेश के सतना में राइस ब्रान ऑयल मिल में बॉयलर फटने से तेज धमाके बाद भीषण आग लग गई. मशीन ऑपरेटर जिंदा जल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. जबकि कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं. धमाका इतना तेज था कि काफी दूर तक सुनाई दिया, जबकि आग की लपटें कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं. वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियों और पानी के टैंकरों ने आग पर काबू पाया.
काफी दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज
पूरा मामला मैहर बायपास स्थित सौरभ जैन की विद्या श्री तेल एवं राइस मिल (राइस ब्रान ऑयल मिल) का है. यहां रात करीब 8 बजे बॉयलर फटने से भीषण आग लग गई. कना (धान की भूसी) से तेल निकालने वाली इस मिल में आग इतनी बेकाबू हो गई कि कई किलोमीटर दूर तक लपटें दिखाई देने लगीं. हादसे में कंपनी में काम करने वाला मशीन ऑपरेटर पूरी तरह आग की चपेट में आ गया और और मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान दिलावर सिंह के रूप में हुई है. जबकि 2 अन्य मजदूर बुरी तरह झुलस गए. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है.
घटना के कारणों की हो रही है जांच
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सिटी और कोतवाली टीआई समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा. तीन दमकल गाड़ियों और पानी के टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाने पा लिया गया. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है.
बताया जा रहा है कि सॉल्वेंट प्लांट सराफा कारोबारी सौरभ जैन की राइस मिल परिसर में संचालित किया जा रहा था. इसको बिहार के अन्य व्यापारी ने किराए पर लिया था, जिसके लिए वो हर महीने 8 रुपये देता था.
ये भी पढे़ं: MP में पारा 47 डिग्री के पास पहुंचा, खजुराहो दुनिया का तीसरा सबसे गर्म शहर; अगले 4 दिन और बढ़ेगी तपिश