MP News: श्योपुर में TI और आरक्षक से प्रताड़ित युवक ने खाया जहर, गंभीर हालत में ICU में भर्ती
श्योपुर: पुलिस से प्रताड़ित होकर युवक ने खाया जहर
MP News (श्योपुर से हेमकुमार तिवारी की रिपोर्ट): मध्य प्रदेश के श्योपुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस पर गंभीर प्रताड़ना के आरोप लगे हैं. एक युवक जिसका नाम दीपेंद्र उर्फ पीलू है कथित पुलिस उत्पीड़न से तंग आकर जहर खा लिया, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. युवक को जिला अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है.
क्या है पूरा मामला?
श्योपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है. यहां युवक दीपेंद्र खरे उर्फ पीलू ने कथित रूप से पुलिस प्रताड़ना से परेशान होकर जहर खा लिया. गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है. परिजनों का आरोप है कि टीआई सत्यम गुर्जर और आरक्षक देवेंद्र गुर्जर पिछले 15 दिनों से युवक को प्रताड़ित कर रहे थे. बार-बार चोरी के शक में बुला रहे थे और धमका रहे थे, बताया जा रहा है कि कल आरक्षक देवेंद्र गुर्जर युवक को घर से पूछताछ के लिए अपने साथ लेकर आये थे लेकिन उसे थाने लाने की बजाय एक निजी कमरे में बंद कर उसके साथ मारपीट की गई और करंट लगाया गया.
’15 दिनों से युवक का मोबाइल जब्त’
परिजनों का यह भी कहना है कि पिछले 15 दिनों से युवक का मोबाइल भी पुलिस ने जब्त कर रखा था और लगातार उसे परेशान किया जा रहा था. प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने यह कदम उठाया. फिलहाल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और पूरे मामले में पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
ये भी पढ़ें: MP Weather: एमपी में भीषण गर्मी के बीच इन जिलों में होगी बारिश, IMD ने 18 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया
पुलिस की ओर से कोई बयान नहीं आया
श्योपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र से सामने आया यह मामला पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है. फिलहाल युवक जिला अस्पताल के ICU में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है, वहीं परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. अब देखना होगा कि इस पूरे मामले में प्रशासन क्या कार्रवाई करता है. फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. मामले की जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी. परिजन सीधे-सीधे कोतवाली थाना प्रभारी और आरक्षक देवेंद्र गुर्जर पर प्रताड़ना का आरोप लगा रहे हैं.