उज्जैन में अतिक्रमण हटाने पहुंची थी टीम, महिला ने कर दिया लाल मिर्च से हमला; जान बचाकर भागे अधिकारी
उज्जैन में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासन की टीम पर महिला ने लाल मिर्च पाउडर से हमला किया.
Red Chilli Thrown From Roof: उज्जैन में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासन की टीम को उस वक्त लेने के देने पड़ गए, जब एक महिला ने लाल मिर्च पाउडर से हमला कर दिया. अतिक्रमण तो नहीं हटा लेकिन अधिकारियों और कर्मचारियों को जान बचाकर भागना पड़ा. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया वायरल हो रहा है, जिसमें महिला छत पर चढ़कर प्रशासन की टीम पर लाल मिर्च के पाउडर से हमला करती हुई दिखाई दे रही है.
पहले कहा ठीक है, फिर छत पर चढ़कर मिर्च पाउडर से हमला किया
पूरा मामला खाचरौद के घिनोदा का है. यहां ग्राम पंचायत सचिव चंद्रभान सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि घिनोदा मांगीलाल पाटीदार का घर है.लेकिन उसने घर के काफी आगे तक जगह घेर रखी है. जिसको लेकर प्रशासन से शिकायत की गई थी. जिसके बाद 19 मई को पुलिस और प्रशासन की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची. इस दौरान घर के पास ही मांगीलाल पाटीदार और उनकी पत्नी सजन बाई मिलीं. प्रशासनिक अधिकारियों ने दंपती से अतिक्रमण हटाने के लिए कहा. शुरू में दोनों ने कहा ठीक है, कब्जा हटा लेंगे. इसके बाद दोनों ने दरवाजा बंद कर लिया और दोनों छत पर चढ़ गए. छत पर पहुंचते ही सजन बाई ने टीम के ऊपर लाल मिर्च पाउडर फेंकना शुरू कर दिया.
बिना कब्जा हटवाए ही वापस भागना पड़ा
भीषण गर्मी में अचानक मिर्च पाउडर से हुए हमले के कारण अधिकारियों और कर्मचारियों की आंखों और शरीर में जलन होने लगी. पुलिस और प्रशासन की टीम ने बहुत समझाने की कोशिश की लेकिन महिला नहीं मानी और छत से लगातार मिर्च पाउडर फेंकती रही. इसके बाद महिला आरआई, पटवारी और पुलिस कर्मियों को कब्जा हटवाए बिना ही वापस लौटना पड़ा.
फिलहाल प्रशासन की टीम ने महिला के खिलाफ और अतिक्रमण हटाने के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर शिकायत की है. प्रशासन का कहना है कि जल्द ही मामले में कार्रवाई की जाएगी.