CM मोहन यादव ने अपने पुश्तैनी घर पर खुद चलाई कुदाल, हुए भावुक, बोले- उज्जैन ने आदर्श उदाहरण पेश किया
उज्जैन: सिंहस्थ के लिए सीएम मोहन यादव ने पुश्तैनी घर पर चलाई कुदाल
Ujjain News: उज्जैन में सिंहस्थ के लिए अलग-अलग विकास कार्य किए जा रहे हैं. सड़क का चौड़ीकरण भी किया जा रहा है. इसकी जद में सीएम मोहन यादव का पुश्तैनी घर भी आया है. मुख्यमंत्री रविवार को पैतृक घर पर पहुंचे और उन्होंने पूजा-अर्चना की. इसके बाद उन्होंने घर पर कुदाल चलाई और घर को तोड़ने की शुरुआत की.
‘आदर्श उदाहरण पेश किया है’
सीएम मोहन यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उज्जैन का एक-एक व्यक्ति अपना योगदान दे रहा है. सभी के लिए अपना घर होता है और स्थान होता है लेकिन समाज के लिए योगदान के लिए तैयार रहना चाहिए. ऐसे संस्कार दिए गए हैं. मैं उज्जैनवासियों को बधाई देना चाहूंगा कि देश में आदर्श उदाहरण पेश किया है.
उन्होंने आगे कहा कि लोग स्वेच्छा से अपने-अपने मकान पीछे हटा रहे हैं. हमारे शहर की आबादी तो मात्र 8 लाख है लेकिन शहर में 30 से 40 करोड़ लोग आएंगे. किसी को दिक्कत ना हो. सबके लिए हर तरीके से योगदान देंगे. उज्जैनवासियों के साथ मैं भी उसमें शामिल हूं.
मुख्यमंत्री हुए भावुक
मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि जब हमने अपनी आंख भी नहीं खोली थी, तब ये घर बना था. लगाव रहता है लेकिन इस बात की प्रसन्नता है कि आज समाज के साथ-साथ पूरा मोहल्ला भी अपने आशियाने को अपने हटा रहा है. ये बहुत अच्छा संदेश जा रहा है. उन्होंने आगे कहा कि क्या हिंदू, क्या मुस्लिम, क्या ईसाई सभी ने देव स्थानों को पीछे हटाया है. स्वेच्छा से कार्य किया है.
ये भी पढ़ें: उज्जैन में मोहन भागवत ने बताई रिलीजन की असली परिभाषा, धर्म को लेकर क्या कहा?
‘हम मुआवजा नहीं लेंगे‘
सीएम ने बताया कि साल 1982 में ज्वाइंट सेकेट्ररी, छात्रसंघ अध्यक्ष और विधायक का पहला चुनाव जीतकर इसी घर में आए थे. इस पर उन्होंने कहा कि हमे अपने से ही उदाहरण बनाने चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हम मुआवजा नहीं लेंगे.
बहन कलावती यादव का भी घर शामिल
मास्टर प्लान के तहत खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक करीब 730 मीटर मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जाना है. इस प्रक्रिया में 272 भवन प्रभावित होंगे. चौड़ीकरण की जद में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अब्दालपुरा स्थित पुश्तैनी मकान भी शामिल है. नगर निगम सभापति कलावती यादव और भाजपा नगर उपाध्यक्ष जगदीश पांचाल के मकान का हिस्सा भी प्रभावित हो रहा है.