गांधीसागर पंप हाइड्रो स्टोरेज परियोजना को मंजूरी, मंदसौर डेस्टिनेशन कैबिनेट मीटिंग में कई प्रस्तावों पर लगी मुहर
मंदसौर: गांधी सागर डेस्टिनेशन कैबिनेट मीटिंग
Gandhi Sagar Destination Cabinet Meeting: मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में बुधवार को गांधीसागर बांध स्थल पर 9वीं डेस्टिनेशन कैबिनेट मीटिंग हुई. इस बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लगी. इसमें गांधीसागर पंप हाइड्रो स्टोरेज परियोजना जैसा अहम प्रस्ताव शामिल है. सीएम ने फैसलों की जानकारी देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश एकमात्र राज्य बनने जा रहा है, जहां जल को ऊपर करके चढ़ाकर बिजली का निर्माण किया जाएगा. वहीं, ओंकारेश्वर बांध के जलाशय पर सोलर पैनल बिछाकर बिजली का उत्पादन किया जा रहा है.
प्रदेश की ऊर्जा क्षमता, औद्योगिक विकास एवं पर्यटन की संभावनाओं को नई दिशा प्रदान करने के संकल्प के साथ आज गांधीसागर, मंदसौर में आयोजित कैबिनेट बैठक राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ प्रारम्भ हुई। #गांधीसागर_कैबिनेट_एमपी #GandhiSagarCabinetMP https://t.co/bO6cLAfNCU
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) November 18, 2026
इन प्रस्तावों पर लगी मुहर
- सरकारी नौकरी के लिए दो से ज्यादा बच्चे होने पर पात्रता रहेगी. तीसरी संतान होने पर सेवा समाप्ति की शर्त को सरकार हटाने जा रही है.
- मुरैना में बना नया मेडिकल कॉलेज इसी सत्र से शुरू किया जाएगा.
- मध्य प्रदेश को साल 2029 तक नशा तस्करी और इसके अवैध कारोबार से मुक्त करने का प्रण लिया गया है. राज्य को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया गया है.
- रतलाम में बायो फार्म पार्क निर्माण किया जाएगा. इससे करीब 25000 लोगों को रोजगार मिलेगा.
- मंदसौर के गरोठ के कुरसाली गांव में केमिकल पार्क की स्थापना की जाएगी. बसई में एग्रो पार्क बनाया जाएगा. इन दोनों प्रोजेक्ट से बड़ी संख्या में रोजगार पैदा होंगे.
- ग्वालियर में टेलीकॉम का बड़ा प्रोजेक्ट स्थापित किया जा रहा है. इसकी लागत करीब 12000 करोड़ है.
ईको टूरिज्म परियोजनाओं का भूमिपूजन
कैबिनेट मीटिंग से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चंबल नदी की आरती की. इसके साथ ही 40.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने जा रहे जा रहे 5 ईको टूरिज्म परियोजनाओं और पर्यटक सुविधाओं का भूमिपूजन किया. इसे मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा विकसित किया जाएगा. सीएम ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई ‘उपज से उद्यम’ प्रदर्शनी का अवलोकन किया. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों के साथ चंबल नदी में क्रूज पर यात्रा की.



