Tulsi Vastu Tips: घर की छत पर तुलसी लगाने से पहले जानें ये जरूरी नियम, नहीं तो बढ़ सकती हैं परेशानी
तुलसी वास्तु टिप्स
Tulsi Vastu Tips: आज के समय में ज्यादातर लोग फ्लैट या छोटे मकानों में रहते हैं, जहां आंगन की सुविधा नहीं होती. ऐसे में लोग घर की छत पर ही पौधे लगाकर हरियाली बनाए रखते हैं. लगभग हर घर में सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा के लिए तुलसी का पौधा लगाया जाता है. लेकिन कई लोगों के मन में सवाल रहता है कि क्या छत पर तुलसी रखना सही है या इससे कोई वास्तु दोष होता है.
धार्मिक मान्यताओं और वास्तु शास्त्र के अनुसार, छत पर तुलसी का पौधा रखना गलत नहीं है. हालांकि, इसे सही स्थान पर रखना और इसकी उचित देखभाल करना बहुत जरूरी माना जाता है. यदि कुछ बातों का ध्यान नहीं रखा जाए, तो इसे शुभ की बजाय अशुभ माना जाता है. इसलिए अगर आप छत पर तुलसी रखते हैं, तो कुछ गलतियों से बचना जरूरी है.
तुलसी के आसपास गंदगी न रहने दें
तुलसी के पौधे को बहुत पवित्र माना जाता है. इसलिए उसके आसपास हमेशा साफ-सफाई बनाए रखनी चाहिए. छत पर अक्सर धूल, सूखे पत्ते और पक्षियों की गंदगी जमा हो जाती है. यदि तुलसी के पास गंदगी रहती है, तो वास्तु के अनुसार इससे घर की सकारात्मक ऊर्जा प्रभावित हो सकती है. इसलिए पौधे और उसके आसपास की जगह को हमेशा साफ रखें.
सही दिशा में रखें तुलसी
वास्तु शास्त्र में तुलसी रखने की दिशा का विशेष महत्व बताया गया है. तुलसी का पौधा उत्तर या उत्तर-पूर्व (ईशान कोण) दिशा में रखना सबसे शुभ माना जाता है. यदि इसे दक्षिण या पश्चिम दिशा में रखा जाए, तो इसे आर्थिक और पारिवारिक परेशानियों का कारण माना जाता है. इसलिए दिशा का चयन सोच-समझकर करें.
पौधे की नियमित देखभाल करें
केवल तुलसी लगाना ही पर्याप्त नहीं है, उसकी रोजाना देखभाल भी जरूरी है. समय पर पानी देना, सूखी पत्तियां हटाना और शाम के समय दीपक जलाना शुभ माना जाता है. यदि तुलसी का पौधा सूख जाए या लंबे समय तक उसकी देखभाल न हो, तो धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसे शुभ नहीं माना जाता. इसलिए यदि आप नियमित रूप से इसकी सेवा नहीं कर सकते, तो पहले इस बात पर विचार जरूर करें.
अगर छत पर ही तुलसी रखनी हो तो क्या करें?
- यदि आपके घर में जमीन पर जगह नहीं है और छत ही एकमात्र ऑप्शन है, तो तुलसी के पौधे को किसी ऊंचे स्टैंड या चबूतरे पर रखें, ताकि वह सीधे फर्श के संपर्क में न रहे.
- साथ ही पौधे के ऊपर हल्की छाया की व्यवस्था करें, जिससे वह तेज धूप और पक्षियों से सुरक्षित रहे.
- इसके अलावा रोज शाम को तुलसी के पास दीपक जलाना और नियमित रूप से उसकी देखभाल करना शुभ माना जाता है.