Rajat Patidar Catch Controversy IPL 2026: रजत पाटीदार के विकेट पर मचा बवाल, अंपायर से भिड़े विराट कोहली, जानें क्या हैं नियम
विराट कोहली
Rajat Patidar Catch Controversy: आईपीएल 2026 में अंपायरिंग को लेकर एक और बड़ा विवाद सामने आ गया है, जिसने मैच के रोमांच को पीछे छोड़ दिया है. गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार के विकेट पर जमकर बवाल मचा जिसको लेकर विराट कोहली भी नाराज दिखे और थर्ड अंपायर से भिड़ गए, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
होल्डर ने लपका शानदार कैच
दरअसल यह विवाद आरसीबी की पारी के 8वें ओवर में देखने को मिला, जब गेंदबाजी कर रहे अरशद खान की चौथी गेंद पर कप्तान रजत पाटीदार ने लेग साइड की ओर हवाई शॉट खेला. शॉट की टाइमिंग सही नहीं थी, जिसके चलते गेंद हवा में उठ गई. इसी दौरान गुजरात के ऑलराउंडर जेसन होल्डर ने डीप फाइन लेग पर शानदार डाइव लगाकर कैच लपक लिया.
यह भी पढ़ें: RR vs DC: पहली बार आमने-सामने होंगे वैभव सूर्यवंशी और मिचेल स्टार्क, जानें किसका पलड़ा भारी
अंपायर के फैसले पर मचा बवाल
हालांकि, होल्डर का यह प्रयास देखने में काफी बेहतरीन था, लेकिन असली विवाद कैच की वैधता को लेकर ही खड़ा हुआ. रिप्ले में ऐसा लगा कि कैच लेते समय गेंद जमीन के संपर्क में आई थी, जिससे संदेह पैदा हुआ. हालांकि, थर्ड अंपायर ने फैसला सुनाते हुए माना कि गेंद पूरी तरह होल्डर के नियंत्रण में थी और उनकी उंगलियों गेंद के नीचे थी, इसलिए अंपायर ने इसे क्लीन कैच मानते हुए पाटीदार को आउट करार दिया जिसपर बवाल बच गया.
Here's the catch in question ICYMIpic.twitter.com/q6txNVx2Kg https://t.co/SYDP3EksOV
— Cricbuzz (@cricbuzz) May 1, 2026
अंपायर से भिड़े विराट कोहली
थर्ड अंपायर का यह फैसला आरसीबी को रास नहीं आया और विराट कोहली भी तीसरे अंपायर के फैसले से नाराज दिखे और डगआउट के पास खड़े चौथे अंपायर से बहस करने लगे. वहीं मैच के दौरान गुजरात के कप्तान शुभमन गिल मैदान पर देवदत्त पडिक्कल को समझाते दिखे की होल्डर का कैच वैध है.
क्या हैं नियम?
मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (MCC) के नियम 33.2 के मुताबिक, अगर गेंद फील्डर के हाथों में नियंत्रण में है, तो भले ही हाथ जमीन के संपर्क में आ जाए, इसके बावजूद कैच वैध माना जाएगा. इस मामले में भी भले ही गेंद जमीन के संपर्क में आई, लेकिन होल्डर का उसपर पूरा नियंत्रण था, इसलिए नियमों के मुताबिक इस कैच को क्लीन माना गया.