14 वर्षीय जेंसी कनाबर ने रचा इतिहास, सानिया मिर्जा का 25 साल पुराना रिकॉर्ड किया ध्वस्त
जेंसी कनाबर
Jensi Kanabar: भारतीय टेनिस की नई सनसनी बनकर उभरी जेंसी कनाबार ने महज 14 साल 5 महीने की उम्र में इतिहास रच दिया है. जेंसी ने प्रोफेशनल सिंगल्स इवेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर सानिया मिर्जा का 25 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. वह अब इस इवेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं. उनसे पहले यह रिकॉर्ड सानिया मिर्जा के नाम दर्ज था जिन्होंने 14 साल 5 महीने और 11 दिन की उम्र में पहली बार यह कारनामा किया था.
जेंसी कनाबर ने क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
भारतीय टेनिस की उभरती खिलाड़ी जेंसी कनाबर ने आईटीएफ W15 नई दिल्ली टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए राउंड ऑफ 16 में संदीप्ति सिंह राव को 6-3, 7-5 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है. इस मैच में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली. कनाबर ने दबाव में शानदार खेल दिखते हुए चार सेट पॉइंट बचाए और जीत अपने नाम की. उन्होंने अपने अभियान की शुरुआत जया कपूर के खिलाफ 6-1, 6-1 की एकतरफा जीत से की थी. खास बात यह है कि यह जेंसी के करियर का सिर्फ दूसरा ही आईटीएफ इवेंट हैं, लेकिन उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.
यह भी पढ़ें: क्रिकेटर्स की शर्मनाक हरकत, बाथरूम में छिपकर नहाते हुए महिलाओं का बनाया वीडियो, मचा बवाल
ऑस्ट्रेलिया ओपन का जीता खिताब
बता दें, 14 वर्षीय भारतीय टेनिस स्टार जेंसी कनाबर का करियर बेहद तेजी से नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है. 2026 की शुरुआत में ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया ओपन अंडर-14 का खिताब जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया.
कौन हैं जेंसी कनाबर
गुजरात के जूनागढ़ की रहने वाली जेंसी कनाबर का जन्म 30 नवंबर 2011 को हुआ था. उन्होंने बेहद कम उम्र में ही टेनिस की ट्रेनिंग शुरू कर दी थी. बता दें, ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन की अंडर-14 और अंडर-16 गर्ल्स केटेगरी में जेंसी नंबर-1 बन चुकी हैं.