GT VS RR Qualifier 2: बारिश बनी विलेन तो किसे मिलेगा फाइनल का टिकट? जानें IPL नियम
गुजरात टाइटंस बनाम राजस्थान रॉयल्स
GT VS RR Qualifier 2: आईपीएल 2026 का दूसरा क्वालीफायर मुकाबला 29 मई को गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुल्लांपुर स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैच को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है, क्योंकि जो टीम यह मैच जीतेगी वह सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी. हालांकि मैच से पहले मौसम ने दोनों टीमों की चिंता बढ़ा दी है. ऐसे में फैंस के मन में एक ही सवाल है कि बारिश के कारण अगर यह मैच रद्द होता है, तो कौन सी टीम फाइनल में जाएगी? आइए जानते हैं…
रद्द हुआ मैच तो किसे मिलेगा फाइनल का टिकट?
बारिश या किसी अन्य कारण से गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाला क्वालीफायर 2 मुकाबला रद्द होता है, तो इसके लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है. ऐसे में आईपीएल नियमों के मुताबिक मैच का फैसला होगा. आईपीएल नियमों के मुताबिक अगर किसी भी कारण से मैच रद्द होता है तो लीग स्टेज की पॉइंट्स टेबल के आधार पर फैसला लिया जाएगा और जो टीम बेहतर स्थिति में होगी उसे फाइनल का टिकट मिल जाएगा. मौजूदा सीजन में गुजरात टाइटंस अंक तालिका में दूसरे पायदान पर है. वहीं राजस्थान रॉयल्स चौथे नंबर पर है. अगर बारिश के कारण क्वालीफायर 2 मुकाबला रद्द होता है, तो ऐसे में शुभमन गिल एंड कंपनी को फाइनल का टिकट मिल जाएगा.
यह भी पढ़ें: GT VS RR Qualifier 2: फाइनल के टिकट के लिए गुजरात-राजस्थान में भिड़ंत, जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड
मैच के दिन कैसा रहेगा चंडीगढ़ का मौसम?
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 28 से 29 मई की सुबह के बीच चंडीगढ़ और इसके आस-पास के इलाकों में ओले गिरने की संभावना जताई जा रही है. इसको लेकर मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज एलर्ट भी जारी किया गया है. वहीं, मैच के दिन यानि 29 मई को पूरा दिन मौसम साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं हैं. इसके अलावा मैच के वक्त शाम के समय चंडीगढ़ का तापमान 35 डिग्री से घटकर 28 डिग्री तक जा सकता है.