T20 World Cup: टीम इंडिया की जीत पर पाकिस्तानी मीडिया गदगद! पूर्व क्रिकेटरों ने भी की जमकर तारीफ

ICC T20 World Cup 2024: पाकिस्तान के तमाम अखबारों, न्यूज चैनलों और पूर्व क्रिकेटरों ने भारतीय टीम की जमकर तारीफ करते हुए टीम इंडिया को बधाई दी है. पाकिस्तान के प्रमुख अखबारों के पहले पन्ने की खबर में टीम इंडिया की जीत की खबर को प्रमुखता दी गई है.
ICC T20 World Cup 2023 Winner

जीत का जश्न मनाती टीम इंडिया

ICC T20 World Cup 2024 Winner: वेस्टइंडीज के बारबडोस में खेले गए टी20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को हराकर चैंपियन बन गया है. जिसके बाद से देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी टीम इंडिया की जीत के चर्चे हो रहे हैं. भारत की इस जीत में जहां विराट और अक्षर पटेल की शानदार पारी का अहम योगदान रहा तो वहीं बुमराह, अर्शदीप और पांड्या द्वारा स्लॉग ओवरों में की गई गेंदबाजी और सूर्यकुमार यादव के कैच ने भी अहम भूमिका निभाई. पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में भी भारतीय टीम की जीत की खूब चर्चा हो रही है.

पाकिस्तान के तमाम अखबारों, न्यूज चैनलों और पूर्व क्रिकेटरों ने भारतीय टीम की जमकर तारीफ करते हुए टीम इंडिया को बधाई दी है. पाकिस्तान के प्रमुख अखबारों के पहले पन्ने की खबर में टीम इंडिया की जीत की खबर को प्रमुखता दी गई है. वहीं पूर्व क्रिकेटरों ने भी रोहित शर्मा की कप्तानी और जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी की खूब तारीफ की है.

ये भी पढ़ें- ऋषभ पंत इस रिकॉर्ड को याद रखना नहीं चाहेंगे, धोनी के साथ इस लिस्ट में जुड़ गया नाम

शोएब अख्तर ने की रोहित शर्मा की तारीफ

पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने मैच से पहले से ही टीम इंडिया की जीत की भविष्यवाणी कर दी थी. अख्तर ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘मैं बार-बार कह रहा था कि भारत ये टूर्नामेंट ही नहीं बल्कि 50 ओवर का विश्व कप जीतना भी डिजर्व करता था. रोहित से अहमदाबाद में जो गलती हुई थी वो उन्होंने आज पूरी कर दी है.’ अख्तर ने कहा, ‘हार्दिक पांड्या और बुमराह की तारीफ जितनी की जाए वो कम है. ये निश्चित तौर पर गेंदबाजों का मैच था लेकिन कोहली ने क्या शानदार पारी खेली.

विराट और रोहित के सन्यास का जिक्र करते हुए अख्तर ने कहा, ‘विराट कोहली विश्व का नंबर 1 बल्लेबाज हैं, आपको रोहित शर्मा को भी विश्व का नंबर 1 कप्तान मानना पड़ेगा. दोनों ने एक अच्छे नोट पर अपना टी20 करियर खत्म किया है. मेरे खयाल से विराट कोहली का सन्यास का फैसला बहुत अच्छा निर्णय है.’

भारतीय कप्तान के कायल हुए अकमल और सोहेल

वहीं पाकिस्तानी न्यूज चैनलों पर बतौर एक्सपर्ट शामिल हुए पूर्व क्रिकेटरों ने भी भारतीय खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की. पूर्व क्रिकेटर कामरान अकमल ने एआरवाई न्यूज चैनल के साथ बात करते हुए कहा, ‘हार्दिक पांड्या ने दिखा दिया कि वह दुनिया के नंबर वन ऑलराउंडर हैं. उन्होने क्लासेन को जैसे ही आउट किया तो फिर बुमराह और अर्शदीप भी उसी राह पर चलते गए. मिलर ने लास्ट मूवमेंट तक मैच ले जाकर गलती की.

पाकिस्तानी के पूर्व क्रिकेटर आमिर सोहेल ने कहा, ‘टीम इंडिया ने गजब का खेल खेला. जब क्लासेन खेल रहे थे तो उस समय भारतीय टीम की बॉडी लैंग्वेज से लग रहा था कि वो भी हार मान चुके हैं. लेकिन जहां से बुमराह ने गेंदबाजी की, वहां से उसने टीम में नई जान फूंक दी. पहले दो रन दिए और विकेट भी लिया.’

रमीज राजा ने क्या कहा?

वहीं पाकिस्तान के पूर्व कप्तान रमीज राजा भारतीय टीम की तारीफ करते हुए कहा, ‘इस तरह का मैच बहुत समय बाद देखने को मिला. भारतीय गेंदबाजों ने कंडीशन का बहुत सही इस्तेमाल किया. भारत ने एक हारा हुआ मैच को जीत में बदल दिया. प्लेयर को बनाने में बहुत लोगों का हाथ होता है, इसमें कोच राहुल द्रविड़ का भी अहम योगदान है. रमीज राजा ने पाकिस्तान गेंदबाजों का नाम लिए बगैर तंज कसते हुए कहा ,’अच्छी बात ये है कि भारतीय बॉलर किसी से जलन नहीं करते हैं. वो एक दूसरे की परफॉर्मेंस को एंजॉय करते हैं.’

पाकिस्तानी अखबारों में भारत के जीत के चर्चे

पाकिस्तानी अखबार ‘द डॉन’ ने भारत की जीत की खबर को प्रमुखता से कवर किया. जिसमें ‘कोहली की शानदार पारी से भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब जीता’ हेडलाइन के साथ टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाते हुए फोटो साझा की है. कप्तान रोहित शर्मा की तारीफ करते हुए अखबार ने लिखा, ‘रोहित ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का इंतजार अंतिम ओवर तक नहीं किया और पहले ही उन्हें गेंदबाजी के लिए बुलाया. उन्होंने कप्तान के फैसले का पूरी तरह से सही साबित किया किया, 18वें ओवर में मार्कोजेनसन को बोल्ड किया और सिर्फ दो रन दिए.’ अखबार ने कोहली के सन्यास लेने की खबर को भी प्रमुखता से जगह दी है.

‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ ने लिखा, ‘कोहली के 76 रनों की बदौलत एक शानदार मुकाबले में अंतिम ओवर तक चले मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को शिकस्त दी.’ अखबार ने लिखा कि दिल्ली में टीम के फैंस ने इस शानदार जीत का जश्न मनाया और इंडिया गेट पर सैकड़ों की संख्या में एकत्र होकर लोगों ने भारत के समर्थन में जमकर नारेबाजी की.

‘द पाकिस्तान टुडे’ ने ’17 साल बाद भारत दूसरी बार बना टी 20 वर्ल्ड चैंपियन’ हेडलाइन से खबर छापा. अखबार ने जहां विराट कोहली की 76 रनों की तारीफ की है तो वहीं भारतीय गेंदबाजों के प्रदर्शन की भी सराहना की है. अखबार ने लिखा, ‘विराट कोहली पूरे टूर्नामेंट में संघर्ष करते हुए नजर आए लेकिन उन्होंने अपनी बेस्ट इनिंग सही समय पर खेली.’

‘द नेशन’ ने अपनी खबर में भारत की जीत का जिक्र करते हुए कोहली के सन्यास लेने की खबर को भी प्रमुखता से जगह दी है. अखबार ने टीम इंडिया के जबरदस्त प्रदर्शन की तारीफ करते लिखा कि भारतीय तेज गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों शानदारी गेंदबाजी करते हुए टीम की वापसी करवाई.

इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी तमाम पाकिस्तानी नागरिकों ने टीम इंडिया को जीत की बधाई दी है. साद नाम के एक यूजर ने एक्स पर लिखा, ‘रोहित ने क्या शानदार कप्तानी की. भारत की इस शानदार जीत से पाकिस्तान को सीखना चाहिए कि प्राथमिकताएं कैसे तय होती हैं.’

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें