MI vs CSK: वानखेड़े में संजू सैमसन का आया तूफान, मुंबई के खिलाफ जड़ा इस सीजन का दूसरा शतक
संजू सैमसन
MI vs CSK: आईपीएल 2026 का 33वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस मैच में संजू सैमसन ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए शानदार शतक जड़ दिया है. पारी की शुरुआत करने आए संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए और मुंबई के गेंदबाजों की जमकर खबर ली. पावरप्ले में चेन्नई के बल्लेबाजों ने हार्दिक पंड्या को अपना शिकार बनाया और उनके शुरुआती 2 ओवर में ही 38 रन लूट लिए.
संजू सैमसन ने जड़ा तूफानी शतक
मुंबई इंडियंस के खिलाफ संजू सैमसन ने विस्फोटक बल्लेबाजी कर शानदार शतक जड़ दिया है. इस मैच में संजू ने 54 गेंदों पर 101 रन की नाबाद पारी खेली. इस दौरान उनके बाले से 10 चौके और 6 छक्के निकले. इस दौरान 26 गेंदों में उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया. इस सीजन संजू का यह दूसरा शतक है.इससे पहले उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 115 रन की नाबाद पारी खेली थी.
– Sanju Samson's 101* off 54 is the first individual century for a CSK player against MI in the IPL
— Cricbuzz (@cricbuzz) April 23, 2026
– He is the second batter to hit two tons in the same edition for CSK after Shane Watson in 2018#IPL2026 #MIvsCSK #Cricbuzz #CricketKaAsliApp pic.twitter.com/eNqnyaiPgZ
संजू सैमसन ने हार्दिक पंड्या की जमकर ली खबर
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई की पारी के दौरान दूसरा ओवर हार्दिक पंड्या ने फेंका. पंड्या के इस ओवर में सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने आक्रामक तेवर दिखाए और इस ओवर में 2 चौके और 1 छक्का जड़कर 19 रन लूट लिए. इस खराब ओवर के बावजूद वह पावरप्ले में ही दूसरा ओवर फेंकने आ गए और उनका यह फैसला काफी महंगा साबित हुआ.
पावरप्ले के दौरान चौथा ओवर हार्दिक पंड्या ने डाला. ओवर के शुरुआत की 2 गेंदे उन्होंने डॉट डाली. लेकिन इसके बाद संजू सैमसन उनपर कहर बनकर बरसे. पंड्या के इस ओवर में सैमसन ने लगातार 4 बाउंड्री लगाई, जिसमें 3 चौके और 1 छक्का शामिल था. पंड्या के इस ओवर में एक वाइड गेंद भी शामिल थी, जिसके चलते उनके इस ओवर से 19 रन निकले. इस तरह पंड्या के पहले दो ओवर में सीएसके के बल्लेबाजों ने कुल 38 रन लूट लिए.