Bhopal: एयरपोर्ट पहुंचने पर फ्लाइट की टिकट निकली फर्जी, श्रीलंका ट्रिप के नाम पर 7.74 लाख की ठगी
फाइल फोटो
भोपाल में एक 49 वर्षीय मार्केटिंग प्रोफेशनल से श्रीलंका ट्रिप के नाम पर ₹7.74 लाख की ठगी का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस धोखाधड़ी के केस में मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है. दरअसल भोपाल के जाटखेड़ी स्थित रुचि लाइफस्केप कॉलोनी के निवासी पीड़ित ने अपने परिवार और दोस्तों के साथ श्रीलंका घूमने का प्लान बनाया. इसके लिए उन्होंने महेंद्र नाम के एक ट्रैवल एजेंट से संपर्क किया और यही से पूरी ठगी की वारदात शुरू हुई.
ट्रैवल एजेंट ने की 7.74 लाख रुपये की ठगी
ट्रैवल एजेंट महेंद्र ने फ्लाइट टिकट, होटल और टूर पैकेज का भरोसा दिलाकर 49 वर्षीय मार्केटिंग प्रोफेशनल से 7.74 लाख रुपये की रकम ऐंठ ली. इस धोखाधड़ी के बारे में तब पता चला जब पूरा परिवार श्रीलंका जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा और अधिकारियों ने उनके टिकट देखकर बताया कि आपको टिकट तो फर्जी है. इसके बाद पीड़ित ने इस घटना
के बारे में पुलिस को जानकारी दी.
मार्च 2026 में हुई थी फोन पर बात
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि मार्च 2026 में उनकी फोन पर टूर एंड हॉलिडे पैकेज कंपनी के कर्मचारी महेंद्र सिंह से बात हुई थी. महेंद्र पहले भी उनके टिकट बुक कर चुका था, जिस वजह से उन्हें उस पर भरोसा था. महेंद्र सिंह के कहने पर शिकायतकर्ता ने 3 जून 2026 को अपने बैंक खाते से 7.74 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए.
फ्लाइट के फर्जी टिकट भेज दिए
रमक मिलने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर व्हाट्सएप के जरिए फ्लाइट टिकट और होटल वाउचर भेज दिए, जिससे बुकिंग असली प्रतीत हो रही थी. इसके बाद जब वे सभी 4 जून को परिवार के साथ एयरपोर्ट पहुंचे और टिकट दिखाए, तो एयरपोर्ट अधिकारियों ने उन्हें फर्जी बताया. यह सुनते ही उनके होश उड़ गए. उन्होंने तुरंत महेंद्र सिंह से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला. इसके बाद उन्होंने थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई.



