सिर्फ तेल ही नहीं, हर पेट्रोल पंप पर फ्री में मिलती हैं ये 6 सुविधाएं, पैसे मांगे तो तुरंत करें यहां शिकायत

Free Facilities At Petrol Pumps in India: अक्सर लोगों को यही लगता है कि पेट्रोल पंप पर सिर्फ पेट्रोल और डीजल ही मिलता है, लेकिन आपको बता दें कि यहां 6 जरूरी सुविधाएं आपको बिल्कुल मुफ्त मिलती हैं. सबसे खास बात यह है कि इनके लिए आपसे कोई भी शुल्क नहीं लिया जाता है.
petrol pump

पेट्रोल पंप

Free Facilities At Petrol Pumps in India: आपने कभी न कभी अपनी गाड़ी में पेट्रोल पंप से पेट्रोल या डीजल जरूर भरवाया होगा. लेकिन क्या आपको पता है कि देश के हर पेट्रोल पंप पर आम नागरिकों के लिए कुछ मुफ्त सुविधाएं मिलती हैं, जिनका फायदा आप उठा सकते हैं? अक्सर लोगों को यही लगता है कि पेट्रोल पंप पर सिर्फ पेट्रोल और डीजल ही मिलता है, लेकिन आपको बता दें कि यहां 6 जरूरी सुविधाएं आपको बिल्कुल मुफ्त मिलती हैं. सबसे खास बात यह है कि इनके लिए आपसे कोई भी शुल्क नहीं लिया जाता है. यदि कोई आपसे इन सुविधाओं के लिए पैसे मांगता है, तो आप उसकी शिकायत कर सकते हैं और उस पर तुरंत कार्रवाई भी होगी. आइए जानते हैं उन 6 मुफ्त सुविधाओं के बारे में.

तेल की शुद्धता और क्वांटिटी की जांच

अगर आपको पेट्रोल या डीजल की क्वालिटी पर जरा भी संदेह हो, तो आप पेट्रोल पंप पर इसकी जांच की मांग कर सकते हैं. इसके लिए ‘फिल्टर पेपर टेस्ट’ की सुविधा उपलब्ध होती है. साथ ही यदि आपको लगे कि तेल कम दिया गया है, तो आप क्वांटिटी चेक करने के लिए भी कह सकते हैं. यह आपका हक है और पंप संचालक इसके लिए मना नहीं कर सकता.

फर्स्ट एड की सुविधा

सड़क पर चलते समय कभी भी छोटी-मोटी चोट लग सकती है या दुर्घटना हो सकती है. ऐसी स्थिति में हर पेट्रोल पंप पर ‘फर्स्ट एड किट’ का होना अनिवार्य है. इमरजेंसी में आप वहां से मरहम-पट्टी या जरूरी दवाइयां मांग सकते हैं, ताकि अस्पताल पहुंचने से पहले प्राथमिक उपचार मिल सके.

इमरजेंसी फोन कॉल की सुविधा

अगर रास्ते में आपके फोन की बैटरी खत्म हो जाए या नेटवर्क न हो और आपको किसी को जरूरी कॉल करना हो, तो आप पेट्रोल पंप से मुफ्त कॉल कर सकते हैं. इमरजेंसी स्थिति में पेट्रोल पंप के कर्मचारी आपको फोन इस्तेमाल करने से नहीं रोक सकते.

वॉशरूम की सुविधा

सफर के दौरान अक्सर साफ टॉयलेट न मिलने से परेशानी होती है. नियम के अनुसार, हर पेट्रोल पंप पर साफ-सुथरा वॉशरूम होना जरूरी है. खास बात यह है कि इसका इस्तेमाल करने के लिए आपका वहां से पेट्रोल भरवाना जरूरी नहीं है. यदि वॉशरूम गंदा है, तो आप इसकी शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं.

पीने का साफ पानी

हर पेट्रोल पंप पर आम जनता के लिए पीने के शुद्ध पानी की व्यवस्था होनी चाहिए. प्यास लगने पर आप वहां से पानी पी सकते हैं या अपनी बोतल भर सकते हैं. इस सुविधा के लिए भी आपसे कोई पैसा नहीं लिया जा सकता.

टायरों में फ्री हवा

ज्यादातर लोग आज भी टायरों में हवा भरवाने के लिए पैसे देते हैं, जबकि पेट्रोल पंप पर यह सुविधा पूरी तरह मुफ्त होती है. चाहे आपने वहां से तेल लिया हो या नहीं आप अपनी गाड़ी के टायरों में फ्री में हवा भरवा सकते हैं.

ये भी पढ़ें-सरकारी स्कीम वाले मरीजों को झटका! आयुष्मान भारत से बाहर निकल सकते हैं बड़े प्राइवेट हॉस्पिटल, जानें क्या है वजह

शिकायत कहां करें?

  • यदि कोई पेट्रोल पंप इन मुफ्त सुविधाओं को देने से मना करता है या इनके लिए पैसे मांगता है, तो आप pgportal.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं.
  • इसके अलावा आप संबंधित तेल कंपनी के टोल-फ्री नंबर पर कॉल कर सकते हैं या पंप पर रखे ‘शिकायत रजिस्टर’ की मांग कर सकते हैं.

ज़रूर पढ़ें