Airtel और Jio बढ़ा सकते हैं मोबाइल रिचार्ज के दाम, 15% तक महंगे हो सकते हैं प्लान
फिर महंगे होंगे रिचार्ज प्लान
Airtel Jio Tariff Hike: देश के करोड़ों मोबाइल यूजर्स के लिए एक बार फिर बुरी खबर सामने आ सकती है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, Airtel और Reliance Jio आने वाले 3 से 4 महीनों में अपने मोबाइल रिचार्ज प्लान की कीमतें बढ़ा सकती हैं. अनुमान है कि टैरिफ में करीब 12 से 15 फीसदी तक की बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि, अभी दोनों कंपनियों ने कीमत बढ़ाने को लेकर कोई ऑफिशियल घोषणा नहीं की है.
3-4 महीने में महंगे हो सकते हैं प्लान
मार्केट फोरकास्ट के अनुसार, Airtel और Jio अपने प्रीपेड और पोस्टपेड प्लान की कीमतों में बढ़ोतरी कर सकती हैं. अगर ऐसा होता है तो हर महीने या कुछ महीनों में रिचार्ज कराने वाले ग्राहकों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा.
कीमत बढ़ने की क्या वजह है?
टेलीकॉम कंपनियों के खर्च लगातार बढ़ रहे हैं. नेटवर्क बड़ा हो रहा है, 5G इंफ्रास्ट्रक्चर, स्पेक्ट्रम की लागत और प्रति ग्राहक कमाई यानी ARPU बढ़ाना इसके पीछे बड़ी वजह हो सकते हैं. कंपनियां अपनी कमाई बढ़ाने के लिए समय-समय पर टैरिफ में बदलाव करती रही हैं.
500 रुपये का प्लान कितना महंगा होगा?
अगर किसी प्लान की कीमत अभी 500 रुपये है और उसमें 12 फीसदी की बढ़ोतरी होती है, तो उसकी कीमत 560 रुपये हो जाएगी. वहीं 15 फीसदी बढ़ोतरी होने पर यही प्लान 575 रुपये का हो सकता है. यानी छोटे रिचार्ज भी ग्राहकों के लिए पहले से महंगे पड़ सकते हैं.
रिचार्ज महंगे होने पर कम बजट वाले ग्राहकों को सबसे ज्यादा परेशानी हो सकती है. ऐसे यूजर्स को अपने मोबाइल खर्च का बजट बढ़ाना पड़ सकता है या कम कीमत वाले प्लान चुनने पड़ सकते हैं.
Jio और Airtel की स्थिति मजबूत
भारत के टेलीकॉम बाजार में Jio और Airtel की स्थिति काफी मजबूत है. Vodafone Idea और BSNL जैसे दूसरे ऑपरेटर भी मौजूद हैं, लेकिन निजी टेलीकॉम बाजार में इन दोनों कंपनियों का बड़ा हिस्सा है. इसी वजह से टेलीकॉम सेक्टर में डुओपॉली की चर्चा होती है. इसका मतलब है कि किसी बाजार में मुख्य रूप से दो बड़ी कंपनियों का दबदबा हो. अगर दोनों कंपनियां एक साथ टैरिफ बढ़ाती हैं, तो ग्राहकों के पास सीमित ऑप्शन रह जाते हैं.