अब Jio Hotstar पर मैच देखते-देखते मंगाएं खाना, नहीं मिस होगा गेम का एक भी पल, नया फीचर लॉन्च
जियो हॉटस्टार से खाना ऑर्डर करें
Jio Hotstar Food Order Feature: फिल्म देखते समय कुछ खाना मजे को और बढ़ा देता है, इसीलिए लोग थिएटर जाना पसंद करते हैं क्योंकि वहां सीट पर ही खाना मिल जाता है. अब आप ऐसा ही अनुभव घर बैठे ले सकते हैं. IPL 2026 के दौरान क्रिकेट प्रेमियों के लिए JioHotstar और Swiggy ने मिलकर एक खास सुविधा शुरू की है. अब यूजर्स को मैच देखते समय खाना ऑर्डर करने के लिए ऐप से बाहर नहीं निकलना पड़ेगा, बल्कि वे जियोहॉटस्टार ऐप के अंदर से ही अपनी पसंद का खाना मंगा सकेंगे. यह सर्विस भारत के 690 से ज्यादा शहरों में शुरू हो चुकी है और अब तक करोड़ों लोग इसका फायदा उठा चुके हैं.
जियो हॉटस्टार ऐप के अंदर देख पाएंगे रेस्टोरेंट
यह खास फीचर मुख्य रूप से मोबाइल यूजर्स के लिए बनाया गया है. इसके जरिए आप JioHotstar ऐप के अंदर ही अपनी पसंद का रेस्टोरेंट चुन सकते हैं, मैच से जुड़े खास ऑफर्स का फायदा उठा सकते हैं और ऑर्डर देने से लेकर उसकी डिलीवरी ट्रैक करने तक का सारा काम एक ही जगह कर सकते हैं.
अब तक सबसे ज्यादा ये फूड हुआ ऑर्डर
कंपनियों के अनुसार, लाइव क्रिकेट मैचों के दौरान लोगों ने सबसे ज्यादा बर्गर ऑर्डर किया. इस सीजन के कुछ और दिलचस्प ट्रेंड्स भी सामने आए हैं. जैसे मुंबई इंडियंस के मैचों के दौरान सबसे अधिक खाने के ऑर्डर दिए गए. वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स के मैच के दौरान ऑर्डर्स की संख्या में सबसे बड़ी बढ़त देखी गई. शहरों की बात करें तो हैदराबाद, बेंगलुरु और दिल्ली से सबसे ज्यादा डिमांड रही, जबकि पटना और पुणे जैसे नए शहरों के दर्शकों ने भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
ये भी पढ़ें-Instagram Reels जैसा मजा अब Netflix पर भी, ऐप के नए अपडेट में क्या-क्या बदलाव? यहां जानें
Jiohotstar के सस्ते प्लान
जियोहॉटस्टार का सबसे किफायती प्रीपेड प्लान 79 रुपये से शुरू होता है. इस प्लान में यूजर्स को अपने मोबाइल पर मैच या फिल्में देखने की सुविधा मिलती है. हालांकि, इस पैक के साथ आप एक बार में केवल एक ही मोबाइल डिवाइस पर ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं.