ट्रैफिक नियम तोड़ा तो महंगा होगा बीमा, बिना इंश्योरेंस नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल, जानें सरकार का नया प्लान
ट्राफिक नियम तोड़ने पर महंगा होगा इंश्योरेंस
No Insurance No Fuel: वाहन चालकों के लिए बहुत बड़ी खबर सामने आई है. अगर आप भी कहीं जाते समय ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करते हैं, तो अब यह आपके लिए पहले से कहीं ज्यादा महंगा हो सकता है. दरअसल, केंद्र सरकार वाहन बीमा से जुड़े नियमों में बहुत जल्द बदलाव करने जा रही है, जिसके तहत अगर आप ट्रैफिक नियम तोड़ते हैं और इसके बाद गाड़ी का इंश्योरेंस बनवाते हैं, तो इंश्योरेंस बनवाना आपके लिए महंगा हो सकता है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सड़क परिवहन मंत्रालय इस विषय पर विचार कर रहा है. वहीं खबरों के अनुसार, अगर कोई वाहन चालक बिना बीमा के गाड़ी चलाता है, तो उसे पेट्रोल और डीजल मिलना मुश्किल हो जाएगा. सरकार का मानना है कि इस नियम के लागू होने के बाद लोग ट्रैफिक नियमों का पालन करेंगे और समय पर गाड़ियों का इंश्योरेंस भी कराएंगे.
चालान वालों की जेब पर पड़ेगा सीधा असर
अब गाड़ी चलाते समय नियम तोड़ना आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है. सरकार ऐसी व्यवस्था लाने की तैयारी में है, जिसमें आपका पिछला चालान रिकॉर्ड ही यह तय करेगा कि आपको इंश्योरेंस के लिए कितना पैसा देना है. अगर पिछले एक साल में आपके कई चालान कटे हैं, तो कंपनी आपसे ज्यादा प्रीमियम वसूलेगी. वहीं जो चालक हमेशा नियमों का पालन करते हैं, उन्हें राहत मिलेगी. सरकार चाहती है कि महंगे प्रीमियम के डर से लोग सड़क पर संभलकर गाड़ी चलाएं.
हर साल रिन्यू का झंझट होगा खत्म
बहुत से लोग हर साल इंश्योरेंस रिन्यू कराना भूल जाते हैं, इसी परेशानी को खत्म करने के लिए लंबी पॉलिसी का आइडिया आया है. अब एक ही बार में कई साल का बीमा कराया जा सकेगा. कार वालों को 4 साल और बाइक वालों को 6 साल के लिए एक साथ पैसा जमा करने की सुविधा मिलेगी. इससे न तो पॉलिसी खत्म होने का टेंशन रहेगा और न ही जुर्माने का डर रहेगा.
पंप पर ही पकड़ में आएगी बिना बीमा वाली गाड़ी
बिना बीमा के गाड़ी चलाने वालों के लिए अब पेट्रोल पंप पर ही मुश्किल खड़ी हो जाएगी. ट्रायल के लिए यूपी और हरियाणा के कुछ पंपों पर स्मार्ट कैमरे लगाए जाएंगे. जैसे ही कोई गाड़ी पंप पर आएगी, कैमरा उसकी नंबर प्लेट पढ़कर बता देगा कि बीमा है या नहीं. अगर बीमा नहीं होगा, तो गाड़ी को पेट्रोल-डीजल नहीं मिलेगा. अगर यह प्रयोग सफल रहा, तो इसे पूरे देश में लागू किया जा सकता है.



