UPI यूजर्स के लिए बड़ा बदलाव, पेमेंट करने पर अब नहीं दिखेगा पूरा मोबाइल नंबर, जानिए NPCI का नया नियम
NPCI का नया नियम
NPCI New Rules: देश में डिजिटल पेमेंट को पहले से ज्यादा सुरक्षित बनाने के लिए नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) नई तैयारी कर रहा है. UPI सिस्टम चलाने वाली यह संस्था डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन (DPDP) कानून के तहत बैंकों और UPI ऐप्स के साथ मिलकर काम कर रही है. इसका मुख्य उद्देश्य UPI लेनदेन के दौरान ग्राहकों की प्राइवेट जानकारी, जैसे मोबाइल नंबर और नाम की बेहतर सुरक्षा करना है.
क्या है नया नियम?
NPCI ने सभी बैंकों और UPI ऐप्स को निर्देश दिया है कि ग्रहकों के मोबाइल नंबर को पूरी तरह दिखाने के बजाय उसे छिपाकर दिखाया जाए. यह फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि हाल के समय में कई लोगों ने अपनी पहचान को लेकर शिकायतें की थीं. इस नई व्यवस्था को लागू करने के लिए 4 सितंबर तक का समय दिया गया है.
पेमेंट करने पर पूरा नंबर नहीं दिखाई देगा
नए नियम लागू होने के बाद UPI से पेमेंट करते समय सामने वाले व्यक्ति को आपका पूरा मोबाइल नंबर नहीं दिखाई देगा. उसकी जगह केवल मोबाइल नंबर के अंतिम चार अंक ही दिखेंगे. इतना ही नहीं QR कोड स्कैन करके पेमेंट पूरा होने के बाद भी ऐप पर ग्राहक का पूरा मोबाइल नंबर दिखाई नहीं देगा.
Username आधारित UPI ID को बढ़ावा दें
NPCI ने UPI ऐप्स को यह भी कहा है कि वे मोबाइल नंबर पर आधारित UPI ID की जगह Username आधारित UPI ID को बढ़ावा दें. फिलहाल ज्यादातर लोग अपना मोबाइल नंबर ही UPI ID के रूप में इस्तेमाल करते हैं, लेकिन अब ऐप्स में डिफॉल्ट रूप से Username चुनने पर ज्यादा जोर दिया जाएगा.
इसके अलावा, NPCI बैंकों और UPI ऐप्स के साथ मिलकर यह भी सुनिश्चित कर रहा है कि सभी संस्थाएं डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन (DPDP) कानून का पूरी तरह पाल करें. इसका मकसद ग्राहकों के निजी डेटा को सुरक्षित रखना है.