क्या दूसरे राज्यों से भी मिल सकता है राशन? जानिए सरकार का नया नियम
राशन कार्ड
Kahin Bhi Milega Ab Ration: राशन कार्ड धारकों के लिए सरकार ने एक जरूरी निर्देश जारी किया है. अगर आपका नाम भी राशन कार्ड में जुड़ा है और आप हर महीने नजदीकी राशन की दुकान से गल्ला लेते हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत महत्वपूर्ण है. अक्सर देखा गया है कि सरकारी राशन देने वाला डीलर उन धारकों को राशन देने से मना कर देता है, जो उस क्षेत्र या गांव के नहीं होते हैं. ऐसे में राशन कार्ड धारकों के मन में यह सवाल बना रहता है कि क्या उन्हें सिर्फ उसी दुकान से राशन मिलेगा, जिसका नाम उनके राशन कार्ड में दर्ज है. इसी बात को लेकर सरकार ने राशन कार्ड धारकों को वन नेशन वन राशन कार्ड के बारे में बताया है.
क्या दूसरे राज्य से राशन ले सकते हैं?
सरकार ने अपने ऑफिशियल x प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट किया है, जिसमें ‘वन नेशन, वन राशन कार्ड’ (ONORC) योजना के बारे में बताया है. सरकार ने स्पष्ट कहा है कि ‘वन नेशन, वन राशन कार्ड’ के जरिए राशन कार्ड धारक देश के किसी भी राशन की दुकान से अपना अनाज ले सकते हैं. यानी आप किसी भी राज्य से अपना राशन ले सकते हैं, इसके लिए आपको पुराने राशन की दुकान और डीलर के पास जाने की जरूरत नहीं है.
क्या है ONORC योजना?
- ‘वन नेशन, वन राशन कार्ड’ सरकार द्वारा शुरू की गई एक ऐसी व्यवस्था है, जिसके जरिए राशन कार्ड धारक देश के किसी भी राज्य से अपना अनाज ले सकते हैं.
- राशन लेने के लिए धारकों को उस दुकान पर जाने की जरूरत नहीं है, जिसका नाम उनके राशन कार्ड पर दर्ज है.
- इसके अलावा, लाभार्थियों को अपनी सुविधा के हिसाब से कोई भी FPS चुनने की सुविधा भी है.
ये भी पढ़ें-EPFO अकाउंट में नॉमिनी का नाम दर्ज नहीं है तो किसे मिलेगा PF का पैसा? जानें नियम
इन लोगों के लिए यह सुविधा फायदेमंद है
सरकार ने साफ कहा है कि पात्र लाभार्थी देश के किसी भी राज्य से अपना अनाज ले सकते हैं. इसके अलावा, उन्हें आधा अनाज एक दुकान से और आधा किसी दूसरी दुकान से लेने की अनुमति है. पात्र धारकों को वे सभी खाद्य पदार्थ दिए जाएंगे, जो उन्हें मिलते हैं. सरकार की यह सुविधा खासकर उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जो घर से दूर दूसरे राज्य में रहते हैं. इनमें मजदूर, छात्र और नौकरीपेशा लोग शामिल हैं.