सऊदी अरब में प्रॉपर्टी खरीदने का सुनहरा मौका, घर बैठे करें ऑनलाइन आवेदन, जानें नए नियम
सऊदी अरब में जमीन खरीदने का सुनहरा अवसर
Buy Property in Saudi Arabia: अगर आप सऊदी अरब में घर, फ्लैट या दूसरी प्रॉपर्टी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. अब विदेश में रहने वाले लोग भी ऑनलाइन तरीके से प्रॉपर्टी खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर सकेंगे. इसके लिए सऊदी सरकार ने एक नया डिजिटल पोर्टल शुरू किया है. इससे लोगों को अलग-अलग सरकारी ऑफिस में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और पूरी प्रोसेस पहले से ज्यादा आसान हो जाएगी.
एक पोर्टल पर मिलेंगी सभी सुविधाएं
सरकार द्वारा शुरू किए गए इस डिजिटल पोर्टल पर प्रॉपर्टी खरीदने से जुड़ा लगभग पूरा काम किया जा सकेगा. इच्छुक लोग ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, अपनी पात्रता की जांच कर सकेंगे, आवेदन का स्टेटस देख सकेंगे और मंजूर परियोजनाओं की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे. इससे पूरा प्रोसेस तेज और सुविधाजनक बन जाएगी.
किन लोगों को मिलेगा प्रॉपर्टी खरीदने का अधिकार
- नए नियमों के तहत विदेशी नागरिक, विदेशी कंपनियां और कुछ दूसरी योग्य संस्थाएं सऊदी अरब के अधिकांश क्षेत्रों में प्रॉपर्टी खरीद सकेंगी.
- जो विदेशी पहले से सऊदी अरब में रह रहे हैं, वे अपने इकामा (Iqama) नंबर की मदद से सीधे आवेदन कर सकते हैं.
- वहीं जो लोग सऊदी अरब से बाहर रहते हैं, उन्हें पहले अपनी डिजिटल पहचान बनानी होगी.
- इसके बाद वे ऑनलाइन आवेदन की प्रोसेस पूरी कर सकेंगे.
विदेशी कंपनियों के लिए भी आसान हुआ निवेश
नए नियमों से विदेशी कंपनियों को भी बड़ा फायदा मिलेगा. अब वे जरूरी रजिस्ट्रेशन पूरा करने के बाद सऊदी अरब के रियल एस्टेट सेक्टर में आसानी से निवेश कर सकेंगी. सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कंपनियां तय नियमों के अनुसार प्रॉपर्टी खरीद सकेंगी.
ये भी पढ़ें-युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी! पहली नौकरी पर मिलेंगे 15 हजार रुपये, ऐसे उठाएं योजना का लाभ
मक्का और मदीना के लिए अलग रहेंगे नियम
हालांकि नए नियम लागू होने के बावजूद मक्का और मदीना में प्रॉपर्टी खरीदने के नियम पहले जैसे ही रहेंगे. इन दोनों पवित्र शहरों में हर विदेशी व्यक्ति को संपत्ति खरीदने की अनुमति नहीं होगी. खासतौर पर गैर-मुस्लिम विदेशी नागरिक यहां प्रॉपर्टी नहीं खरीद सकेंगे, क्योंकि इन शहरों के लिए अलग कानूनी प्रावधान लागू रहेंगे.