‘यूपी विधानसभा चुनाव में 225 सीटों पर प्रत्याशी बदलेगी BJP’, अखिलेश यादव का दावा
अखिलेश यादव
BJP Change 225 Candidates UP Election: यूपी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी 225 सीटों पर अपने उम्मीदवार बदल देगी. यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव यह दावा किया है. यूपी में भले ही विधानसभा चुनाव अगले साल हैं, लेकिन चुनावी सरगर्मियां अभी से तेज हो गई हैं. अखिलेश यादव ने यूपी सरकार के मंत्री नंद गोपाल नंदी का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी ताकत कम कर दी गई है. 2027 में जब उन्हें टिकट नहीं मिलेगा तो वे कहीं नजर नहीं आएंगे. अखिलेश यादव ने क्या दावा किया?
हाल ही में योगी सरकार ने प्रयागराज दक्षिण से विधायक और मंत्री नंद गोपाल नंदी से उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (UPEIDA) का चार्ज वापस ले लिया है. यानी अब यह चार्ज भी सीएम के पास पहुंच गया है. अखिलेश यादव ने योगी सरकार के इस फैसले को विधानसभा चुनाव 2027 से जोड़कर देखा और कहा कि खराब क्वालिटी के एक्सप्रेसवे बनने और घूस के टारगेट पूरे होने के बाद उनसे अधिकार छीनने का क्या फायदा? इस दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा पर कई आरोप लगाते हुए बात की.
भाजपा के नेता पैसा कमाने में जुटे इसलिए हारे
अखिलेश यादव ने दावा किया कि जनता ने भाजपा को हटाने का ठान लिया है. BJP सत्ता-विरोधी लहर और भ्रष्टाचार को लेकर जनता के अंदर काफी गुस्सा है. जिसको देखते हुए भाजपा बड़े पैमाने अपने उम्मीदवार बदलने की तैयारी कर रही है. प्रयागराज के तो सभी उम्मीदवार बदले जाएंगे. भाजपा का मानना है कि उनके नेता पैसा कमाने में जुटे रहते हैं, जिसकी वजह से प्रयागराज लोकसभा सीट भी हार गए.
ये भी पढे़ंः दिल्ली में राहुल-अखिलेश की बैठक, यूपी चुनाव की रणनीति पर मंथन; सीट बंटवारे पर भी हुई चर्चा
225 सीटों पर प्रत्याशी बदलेगी भाजपा: अखिलेश
उन्होंने कहा कि भाजपा के तो कई सारे विधायक हैं, जो खुद ही चुनाव से दूरी बना रहे हैं, क्योंकि उनको डर कि समाजवादी पार्टी के सामने नहीं टिक पाएंगे. समाजवादी पार्टी अपने PDA फॉर्मूले (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) को लेकर चुनाव लड़ेगी. यही वजह है कि भाजपा के विधायक अब पैसा नहीं खर्च करना चाहते, क्योंकि उनको पता है कि हार तय है. अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा विधानसभा चुनाव में लगभग 225 सीटों पर उम्मीदवार बदल देगी.