सहारनपुर में भाई ने छीना सुहाग? परीक्षा देने पहुंची युवती के पति की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

Saharanpur Honor Killing: उत्तर प्रदेश में लव मैर‍िज के कारण हत्‍या का मामला सामने आया है. युवती ने अपने ही पर‍िजनों खासतौर पर भाई पर पर हत्‍या का आरोप लगाया है, पुल‍िस फ‍िलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है.
युवती ने लगाए भाई पर हत्‍या के आरोप

युवती ने लगाए भाई पर हत्‍या के आरोप

Saharanpur Honor Killing: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. शामली जिले की रहने वाली आकांक्षा पुलिस भर्ती परीक्षा देने के लिए सहारनपुर के एक परीक्षा केंद्र पहुंची थीं. उनके साथ उनके पति शिव कुमार भी आए थे, जो परीक्षा शुरू होने के बाद केंद्र के बाहर कार में इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

घटना के बाद आकांक्षा ने अपने सगे भाई मंजीत पर हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि उन्होंने करीब चार महीने पहले शिव कुमार से प्रेम विवाह किया था, लेकिन परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था. शादी के बाद से ही उनके भाई और अन्य परिजन दोनों को लगातार धमकियां दे रहे थे.

आकांक्षा ने क्या लगाए आरोप?

आकांक्षा का आरोप है कि परीक्षा केंद्र पर उनके भाई मंजीत कुछ साथियों के साथ पहुंचा और शिव कुमार पर बेहद करीब से गोली चला दी. उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना के समय उनकी मां और मामा भी वहां मौजूद थे, लेकिन किसी ने हमले को रोकने की कोशिश नहीं की.

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस के अनुसार, घायल शिव कुमार को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जांच में मामला प्रेम विवाह से जुड़े पारिवारिक विवाद और कथित ऑनर किलिंग का प्रतीत हो रहा है. पुलिस ने आकांक्षा की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं.

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. अब देखना होगा कि आकांक्षा के आरोप लगाने के बाद पुलिस क्या कार्रवाई करती है. जबकि आकांक्षा का सीधे तौर पर कहना है कि ये हत्‍या किसी और ने नहीं बल्कि उसके ही भाई ने की है.

ये भी पढ़ें: ‘यूपी विधानसभा चुनाव में 225 सीटों पर प्रत्याशी बदलेगी BJP’, अखिलेश यादव का दावा

ज़रूर पढ़ें