कौन होगा राम मंदिर ट्रस्ट का पहला CEO? कल लगेगी फाइनल मुहर, तीन नामों पर मंथन तेज
अयोध्या राम मंदिर(File Photo)
Ram Mandir Trust CEO: राम मंदिर अयोध्या को कल बुधवार, 2 सितंबर को नया सीईओ मिल जाएगा. हालांकि अभी तक यह कंफर्म नहीं हो पाया है कि आखिर सीईओ किसे बनाया जाएगा. राम मंदिर ट्रस्ट के पहले सीईओ के लिए आज 3 नामों का पैनल सौंपा गया है. यानी कि इन्हीं तीन नामों से किसी एक नाम पर मुहर लगेगी और वही ट्रस्ट का सीईओ होगा. राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ पद के लिए कुल 5585 आवेदन पहुंचे थे, जिसमें अब केवल 3 नाम बचे हैं. इसकी जानकारी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से माध्यम से मिली.
सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के चयन की व्यापक, पारदर्शी व तकनीक-सक्षम प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. 5,585 आवेदनों की समीक्षा के बाद 16 अभ्यर्थियों से विस्तृत संवाद किया गया. आज चयन समिति ने तीन अत्यंत योग्य प्रत्याशियों का अंतिम पैनल न्यास को सौंप दिया. अंतिम निर्णय व आधिकारिक घोषणा न्यास द्वारा की जाएगी.
ये भी पढे़ंः ‘मछली भोज’ से गरमाई यूपी की सियासत, कोर्ट पहुंचे अजय राय, सीएम योगी के खिलाफ दर्ज कराया मानहानि का मुकदमा
जानकारी के अनुसार, इन आवेदनों की जांच के लिए दिल्ली-एनसीआर, पुणे और संबलपुर में अलग-अलग टीमें लगाई गई थीं. सभी दस्तावेजों की बारीकी से जांच करने के बाद 16 उम्मीदवारों को फाइनल राउंड के लिए चुना गया था. इसके बाद सभी से 3 से 6 अगस्त तक ऑनलाइन बातचीत कर उन्हें 11 और 12 अगस्त को अयोध्या बुलाकर ऑफलाइन इंटरव्यू लिया गया.
कल लगेगी अंतिम मुहर
16 उम्मीदवारों में 3 नामों को फाइनल किया गया है, जिसमें अभी अंतिम मुहर लगना बाकी है. आज तीन नामों का पैनल ट्रस्ट को सौंप दिया गया है. कल यानी 2 सितंबर को एक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें तीन नामों में किसी एक पर अंतिम मुहर लगेगी. अब देखना यह होगा कि आखिर राम मंदिर ट्रस्ट का सीईओ किसे बनाया जाता है. ट्रस्ट के पहले सीईओ पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं.