टिकट मांगने गए BJP नेता राजबीर कश्यप का निधन, संजीव बालियान के आवास पर बाथरूम में मिला शव
टिकट मांगने गए BJP नेता राजबीर कश्यप का निधन
Collapse At Sanjeev Baliyan Residence: भारतीय जनता पार्टी के नेता और सहकारी केंद्रीय उपभोक्ता भंडार के चेयरमैन राजबीर कश्यप आज मंगलवार को पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान के आवास पर मुलाकात के लिए पहुंचे थे. इस दौरान उनका निधन हो गया. राजबीर कश्यप बाथरूम में अचेत अवस्था में पाए गए. मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. उनकी मौत कैसे हुए. अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से मौत होना माना जा रहा है.
जानकारी के अनुसार, राजबीर कश्यप मुजफ्फरनगर में चरथावल विधानसभा सीट से भाजपा का टिकट मांगने के लिए बातचीत करने के लिए संजीव बालियान के आवास पर पहुंचे थे. इस दौरान समर्थकों के साथ पहुंचे राजबीर कश्यप की मुलाकात संजीव बालियान से तो नहीं हो पाई, लेकिन उनके भाई विवेक से हुई.
अचेत अवस्था में बाथरूम के अंदर मिले
विवेक से टिकट को लेकर बातचीत चल ही रही थी कि इसी बीच वे बाथरूम चले गए और काफी देर तक वापस नहीं लौटे. जब बाथरूम में ज्यादा ही समय लगा, तो समर्थकों ने चिंता जताई. जब पास जाकर आवाज लगाई तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई. तब लोगों ने दरवाजे को खोलकर अंदर देखा तो राजबीर बाथरूम के अंदर ही अचेत अवस्था में पड़े मिले.
ये भी पढ़ेंः योगी के मंत्री ओपी राजभर का विवादित बयान, बोले- हमसे बड़ा गुंडा इस देश में कौन है, धनंजय-बृजेश लगाते हैं दरबार
समर्थकों में शोक की लहर
राजवीर के इस हालत की जानकारी जैसे ही लगी. मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और सीधे आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ पड़ी. आज उनका पैतृक गांव में ही अंतिम संस्कार किया गया.