20 साल बाद कोई US प्रेसिडेंट जाएगा पाकिस्तान! ईरान-अमेरिका डील हुई तो ट्रंप कर सकते हैं PAK का दौरा
डोनाल्ड ट्रंप
Donald Trump Pakistan visit: अमेरिका-ईरान-इजरायल के बीच अभी भी सीजफायर लागू है. ऐसा माना जा रहा है कि दूसरे दौर की बातचीत जल्द ही शुरू हो सकती है. इसको लेकर पाकिस्तान से लेकर अमेरिका में भी तैयारियां की जा रही हैं. इन सब के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है. ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान अपने एनरिच्ड (संवर्धित) यूरेनियम का भंडार अमेरिका को सौंपने के लिए तैयार हो चुका है.
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि दोनों देशों के बीच जल्द ही शांति समझौता हो सकता है. उन्होंने दावा किया कि बातचीत अच्छी चल रही है. जल्द ही किसी नतीजे पर भी पहुंच सकती है. उन्होंने दावा किया कि अगर शांति समझौता होता है कि वो खुद पाकिस्तान जा सकते हैं. दूसरी तरफ ट्रंप के इस दावे को ईरान ने गलत बताया है.
आखिरी बार कौन राष्ट्रपति गया था पाकिस्तान
ट्रंप के इस दावे के बाद चर्चा है कि पिछले 20 सालों से कोई भी अमेरिकी राष्ट्रपति पाकिस्तान नहीं गया है. आखिरी बार जॉर्ज बुश 2006 में भारत से परमाणु डील के बाद वहां पहुंचे थे. उस समय पाकिस्तान में परवेज मुशर्रफ का शासन था और उन्होंने बुश का स्वागत किया था.
अब तक कितने यूएस राष्ट्रपति पहुंचे पाकिस्तान
पाकिस्तान हमेशा से दावा करता आ रहा है कि वह हमेशा से ही अमेरिका का खास रहा है. हालांकि अमेरिका को पाकिस्तान में कुछ खास रुचि नहीं है. यही वजह है कि पिछले 20 सालों से किसी भी अमेरिकी राष्ट्रपति ने पाकिस्तान का दौरा नहीं किया है. अब तक सिर्फ पांच अमेरिकी राष्ट्रपति पाकिस्तान के दौरे पर गए हैं. साल 2016 में व्हाइट हाउस की तरफ से कहा गया था कि जटिल संबंधों के कारण पाकिस्तान दौरा संभव नहीं हो सका और इसका अफसोस है.
अमेरिका और ईरान के बीच हो रही बातचीत
ईरान और अमेरिका के बीच हो रही शांति वार्ता को पाकिस्तान ही मैनेज कर रहा है. इसको लेकर पहले दौर की बातचीत भी हो चुकी है. दूसरे दौर की बातचीत की तैयारियां की जा रही हैं. ट्रंप दावा कर रहे हैं कि ईरान उनकी सभी शर्तों को मान गया है. वहीं ईरान इसे नकार रहा है. ऐसे में देखना होगा कि आने वाले दिनों में दोनों देशों के बीच रिश्ते सुधरते हैं या फिर जंग एक बार फिर शुरू होती है.
ये भी पढ़ें: ‘वी ऑल लव यू’, ट्रंप ने PM मोदी को बताया अच्छा दोस्त, जानें 40 मिनट तक फोन पर क्या बात हुई