पाकिस्तान में पहचान पर छिड़ी नई बहस, रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ बोले- हमारे पूर्वज हिंदू
ख्वाजा आसिफ
Khawaja Asif: पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के एक बयान ने पहचान, इतिहास और जड़ों को लेकर नई बहस छेड़ दी है. उन्होंने खुले तौर पर माना कि पाकिस्तान में बच्चों को ऐसा इतिहास पढ़ाया गया, जिससे वे अपनी असली सांस्कृतिक विरासत से दूर हो गए.
एक इंटरव्यू में ख्वाजा आसिफ ने कहा कि पाकिस्तान के कई लोग खुद को अरब या ईरानी मूल का बताने की कोशिश करते हैं, जबकि सच यह है कि उनके पूर्वज इसी भारतीय उपमहाद्वीप से जुड़े थे. उन्होंने यह भी कहा कि उनके अपने पूर्वज हिंदू थे और इससे उनकी पाकिस्तानी पहचान कम नहीं हो जाती है.
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने क्या-क्या कहा?
आसिफ ने पाकिस्तान की शिक्षा व्यवस्था और इतिहास की किताबों पर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना था कि स्कूलों में बच्चों को ऐसा इतिहास पढ़ाया गया, जिसमें प्राचीन भारतीय शासकों और सभ्यताओं को जानबूझकर कम महत्व दिया गया. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि चंद्रगुप्त मौर्य और सम्राट अशोक जैसे शासकों का जिक्र भी कई बार ठीक तरह से नहीं किया गया, क्योंकि उन्हें हिंदू शासक मानकर नजरअंदाज किया गया.
पहले भी छिड़ चुकी है इस तरह की बहस
पाकिस्तान में इतिहास को लेकर बहस पहले भी होती रही है. कई इतिहासकार और लेखक यह दावा करते रहे हैं कि वहां की पाठ्यपुस्तकों में तथ्यों को राजनीतिक और धार्मिक नजरिये से पेश किया गया. इसी मुद्दे पर पाकिस्तानी इतिहासकारों ने पहले भी किताबें लिखी हैं, जिनमें शिक्षा व्यवस्था में तथ्यों की तोड़-मरोड़ का आरोप लगाया गया था.
क्यों ख्वाजा आसिफ के बयान पर हो रही चर्चा
ख्वाजा आसिफ का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पाकिस्तान के भीतर राजनीतिक और वैचारिक तनाव लगातार बढ़ रहा है. देश में सेना, राजनीति और पहचान की राजनीति को लेकर बहस तेज है. हाल के महीनों में पाकिस्तान की सत्ता व्यवस्था और सैन्य प्रभाव को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सवाल उठे हैं.
इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिलीं हैं. कुछ लोगों ने इसे सच स्वीकार करने की हिम्मत बताया, तो कई कट्टरपंथी समूहों ने इसे पाकिस्तान की विचारधारा के खिलाफ करार दिया. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बयान केवल इतिहास की चर्चा नहीं, बल्कि पाकिस्तान में पहचान के संकट और समाज के भीतर चल रहे वैचारिक संघर्ष को भी सामने लाता है.
ये भी पढ़ें: ‘पाकिस्तान जंग में बिचौलिया बनने लायक नहीं…,’ अमेरिका ने फिर PAK को याद दिलाई औकात, भड़के ट्रंप के करीबी सांसद