ईरान पर अब नहीं होगा हमला … चुनाव हारते ही ट्रंप ने रोकी इजरायल की मदद, क्यों बदले तेवर
डोनाल्ड ट्रंप
US Iran Israel War: अमेरिका में हुए मिडटर्म चुनाव के नतीजों ने डोनाल्ड ट्रंप को हैरान कर दिया है. सबसे बड़ी बात यह है कि ट्रंप के तीनों चहेतों को इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है. सबसे बड़ा उलटफेर टेक्सास में देखने को मिला जहां सालों तक रिपब्लिकन पार्टी का दबदबा रहा. वहां भी ट्रंप चुनाव हार गए. चुनावी नतीजों के अमेरिकी राष्ट्रपति के तेवर भी नरम पड़ते दिखाई दे रहे हैं. कल तक ईरान को तबाह करने की बात करने वाले ट्रंप अब अपने ही बयान से पलट गए हैं. इसके साथ ही शांति वार्ता की बात करते नजर आ रहे हैं. अगर ऐसा होता है तो यह पूरी दुनिया के लिए अच्छी खबर है.
फाइनेंशियल टाइम्स से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि ईरान पर हमला करने की अब कोई योजना नहीं है. दोनों देशों के बीच शांति वार्ता होगी. इसकी तारीख जल्द ही तय की जाएगी. ट्रंप ने अपने इस बयान से पहले इजरायल को बड़ा झटका दिया. जो हमेशा ईरान को तबाह करने की बात करता था. ट्रंप ने इजरायल को सालाना 4 बिलियन डॉलर की मदद रोकने का ऐलान किया.
ईरान को लेकर क्या है प्लान?
डोनाल्ड ट्रंप ने फाइनेंशियल टाइम्स से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि ईरान पर आगे हमला करने का कोई प्लान नहीं है. अभी जो भी हालात हैं वह अच्छे हैं. दोनों देशों के बीच शांति वार्ता पर बातचीत हो रही है. आगे देखेंगे कि इस बातचीत का क्या नतीजा निकलता है.
ट्रंप के इस बयान के बाद माना जा रहा है कि महीनों से चला आ रहा तनाव अब खत्म होने की कगार पर है. अगर ऐसा होता है तो दुनियाभर के लोग राहत की सांस लेंगे. क्योंकि इस युद्ध के कारण आम जनता पर सीधे तौर पर असर पड़ा है. तेल की कीमतों से लेकर घरेलू गैस के लिए भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है.
ये भी पढ़ें: मिडटर्म चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप ने मानी अपनी हार, डेमोक्रेट्स को सीनेट में मिला बहुमत
तेल और गैस की किल्लत हो सकती है खत्म
अमेरिका-ईरान-इजरायल जंग के कारण समुद्री मार्ग बुरी तरह प्रभावित हुआ है. बड़ी संख्या में जहाज आज भी स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फंसे हुए हैं. इसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ा है. भारत की बात की जाए तो यहां पिछले कई महीनों से नए गैस कनेक्शन बंद हैं तो वहीं तेल की कीमतों में भी उछाल देखने को मिला है. अगर अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता होता है तो सीधे तौर पर आम जनता को बढ़ती महंगाई से थोड़ी बहुत राहत मिल सकती है.
वोटिंग से पहले अमेरिका का ईरान पर हमला
ट्रंप भले ही शांति की बात कर रहे हों लेकिन उनकी बात पर अब किसी को भी भरोसा नहीं है. क्योंकि कई बार वह अपने बयानों से पलट चुके हैं. अमेरिका में मिड टर्म चुनाव की वोटिंग से पहले अमेरिका ने ईरान पर हमला किया था. इस हमले में ईरान के अहम इलाके केश्म द्वीप को निशाना बनाया था. हालांकि ईरानी मीडिया ने धमाकों के पीछे अमेरिका या इजराइल का हाथ होने की पुष्टि नहीं की है. कुल मिलाकर जब तक शांति समझौते का ऐलान नहीं होता है तब तक युद्ध समाप्त होने की उम्मीद करना बेमानी लगता है.
ताजा नरमी के पीछे की असली वजह
ट्रंप की ताजा नरमी के पीछे का कारण मिडटर्म चुनाव में करारी हार है. इन चुनावों का असर अब सीधे तौर पर उनकी ताकत पर पड़ने वाला है. आने वाले दिनों में उन्हें कई फैसलों में चुनौती का सामना करना पड़ सकता है. अब यही वजह है कि ट्रंप अपने बचे हुए कार्यकाल को शांति से निपटाने की कोशिश में है. कहा ये भी जा रहा है कि इसीलिए वह अब शांति की बात कर रहे हैं.



