मेहंदी लगाए दूल्हे के इंतजार में बैठी रही दुल्हन, प्रेमी दूल्हा घर पर ताला लगाकर फरार
मेरठ में शादी से पहले दूल्हा फरार
Meerut News: उत्तर प्रदेश के कई शहरों से इन दिनों शादी में बवाल को लेकर खबरें आ रही हैं. कहीं मामला मारपीट तक पहुंच जाता है तो कही कुछ और. ऐसा ही एक मामला मेरठ से सामने आया है. जहां दुल्हन हाथों पर मेहंदी लगाए अपने साजन का इंतजार कर रही थी, लेकिन वह पहुंचा ही नहीं. जिसकी वजह से शादी नहीं हुई. इसकी जानकारी लगते ही लड़की के पिता की तबीयत खराब हो गई. अब मामला पुलिस के पास तक पहुंच गया है. पुलिस की टीम ने मामले की जांच करने का आश्वासन दिया है.
जरा सोचिए, उस लड़की और उसके घर वालों पर क्या गुजरी होगी. जब सजी-धजी दुल्हन बैठी हो और बारात की पूरी तैयारियां कर ली गई हों. इसके बाद शादी दूल्हे का आगमन होना हो तो वह आए ही ना. मेरठ के श्याम नगर की इस शादी ने पूरे परिवार को ही सदमें में डाल दिया. शादी के मौके पर मेहमान भी आ चुके थे. सबकुछ ठीक-ठाक चल रहा था कि अचानक दूल्हा बारात लेकर पहुंचा ही नहीं. पहले तो लोगों को लगा कि शायद बारात लेट हो गई है लेकिन जब काफी देर तक नहीं आई. तो फोन लगाना शुरू कर दिया. इस दौरान पता चला कि होने वाले दूल्हे का फोन बंद आ रहा है.
घर पर बंद मिला ताला
जब दूल्हे का फोन बंद आया तो लोगों ने एक-दूसरे से सवाल पूछने लगे. इसके बाद भी इंतजार करते रहे कि शायद दूल्हा बारात लेकर आ जाए, लेकिन दूल्हा बारात लेकर नहीं पहुंचा. फिर क्या लड़की के घर वाले भी नाराज हो गए और कुछ लोग इस दौरान लड़के वाले के घर पहुंच गए. जब घर पहुंचकर देखा तो हैरान रह गए, क्योंकि लड़के के घर पर ताला बंद मिला. दूल्हा और उसका पूरा परिवार बिना किसी सूचना के गायब हो चुका था.
ये भी पढ़ेंः प्रेमिका को देख फूट-फूटकर रोया किडनी बेचने वाला छात्र, खुद बताया क्यों बेची Kidney
लड़की के परिवार का लाखों खर्च
जानकारी के अनुसार, लड़की वालों ने करीब 300 लोगों के लिए खास व्यवस्था कर रखा था. जिसमें लाखों रुपए खर्च हुए, लेकिन दूल्हे ने पूरे कार्यक्रम में पानी फेर दिया. जबकि दूल्हा और दु्ल्हन के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था, जिसको दोनों के परिवारों ने भी मंजूरी दे दी है. लेकिन इसके बावजूद भी दूल्हे ने बिना बताए घर पर ताला बंद करके फरार हो गया. फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.