दादा का सपना पूरा करने लिए दुल्हन को लेने हेलीकॉप्टर से पहुंचा दूल्हा, साढ़े 9 लाख खर्च किए
दादा का सपना पूरा करने के लिए पोता दुल्हन को हेलीकॉप्टर से विदा करने पहुंचा.
MP News: मध्य प्रदेश के शाजापुर के कालापीपल क्षेत्र में अक्षय तृतीया पर एक अनोखी शादी देखने को मिली. यहां एक पोता अपने दादा का सपना पूरा करने के लिए दुल्हन को लेने हेलीकॉप्टर से पहुंच गया. इसके लिए उसने लगभग साढ़े 9 लाख रुपये भी खर्च किए. कोहड़ी गांव में हेलीकॉप्टर वाली विदाई देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए. जैसे ही दूल्हा हेलीकॉप्टर लेकर पहुंचा बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई इस हेलीकॉप्टर वाली शादी को देखने के लिए उत्साहित नजर आया.
मोबाइल से सेल्फी लेते दिखाई दिए लोग
राजगढ़ जिले के निपानिया गढ़ी गांव के रहने वाले सरपंच रामबाबू के बेटे अनमोल की अनोखी बारात चर्चा का विषय बनी हुई है. रामबाबू ने बताया कि उनके बेटे अनमोल ने अपने दादा से वादा किया था कि वो अपनी शादी में हेलीकॉप्टर से बारात लेकर जाएगा और उसी पर दुल्हन को विदा भी करवाएगा. इसलिए एक पोते का अपने दादा से सपना पूरा करन के लिए रामबाबू ने साढ़े 9 लाख रुपये खर्च कर दिए. वहीं जैसे ही गांव में बने हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर उतरा. गांव वालों की भीड़ जमा हो गई. सभी लोग दूल्हे और हेलीकॉप्टर के साथ सेल्फी लेने में जुट गए.
दादा, नाना और बहन के साथ हेलीकॉप्टर में दुल्हन को लेने पहुंचा दूल्हा
अनमोल हेलीकॉप्टर में अपने साथ दादा, नाना और बहन को लेकर दुल्हन की विदाई करने पहुंचा था. इस मौके पर अनमोल के दादा काफी भावुक दिखाई दिए. उन्होंन कहा कि मेरे पोते ने आज मेरा सपना पूरा कर दिया. वहीं हेलीकॉप्टर से विदाई वाली इस शादी में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिसकर्मी भी हेलीपैड के आसपास मौजूद रहे.
रीति-रिवाज से संपन्न हुई शादी
सोमवार को अक्षय तृतीया के दिन अनमोल और अर्पिता की शादी पूरे रीति रिवाज से संपन्न हुई. इस दौरान दूल्हा और दुल्हन के रिश्तेदारों के अलावा गांव वाले बड़ी संख्या में मौजूद थे. हेलीकॉप्टर वाली विदाई को देखने के लिए आसपासे के गांव से आए लोगों का जमावड़ा लग गया. वहीं सभी रस्में पूरी होने के बाद अनमोल अपनी दुल्हन को हेलीकॉप्टर में लेकर करीब शाम साढ़े 4 बजे अपने अपने निवास स्थान राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ के निपानिया गढ़ी गांव के लिए रवाना हो गया.
ये भी पढे़ं: रिटायरमेंट को लेकर MP हाई कोर्ट का बड़ा फैसला! 60 दिन के अंदर देना होगा पूरा पैसा, राज्य सरकार को दिया निर्देश