विदिशा में ट्रेन से कटा किसान, मौत से पहले बनाया वीडियो, बोला – पूर्व विधायक ने शिवराज मामा की हत्या करने का दबाव बनाया
मृतक किसान
MP News: मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में सोमवार शाम करीब 4 बजे एक किसान ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली. हादसा इतना भीषण था कि मृतक का सिर और धड़ अलग-अलग मिले. मृतक की पहचान बेहलोट गांव निवासी गोविंद गुर्जर के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
वीडियो में लगाए पूर्व विधायक पर लगाए गंभीर आरोप
आत्महत्या से पहले गोविंद गुर्जर ने कई वीडियो बनाकर अलग-अलग लोगों को भेजे. इन वीडियो में उसने पूर्व विधायक शशांक भार्गव पर गंभीर आरोप लगाए हैं. वीडियो में वह कहता नजर आ रहा है कि उस पर हत्या करने का दबाव बनाया जा रहा था और उसे कथित रूप से शिवराज सिंह चौहान और मुकेश टंडन की हत्या करने के लिए उकसाया गया. वह इस बात को लेकर मानसिक रूप से परेशान था.
व्हाट्सएप ग्रुप में भेजे वीडियो
जानकारी के अनुसार, गोविंद ने पांच अलग-अलग वीडियो बनाए थे और उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए साझा किया. कुछ वीडियो गांव के सरपंच के बेटे लकी गुर्जर को भी भेजे गए. वीडियो सामने आने के बाद मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है, क्योंकि इनमें उसने अपनी पूरी आपबीती बयान की है.
बटाईदारी और पैसों का विवाद
वीडियो में गोविंद ने बताया कि वह पिछले तीन साल से शशांक भार्गव की जमीन पर बटाईदारी के आधार पर खेती कर रहा था. उसने धान और गेहूं की फसल के लिए कर्ज लिया था और समझौते के तहत फसल की आमदनी बराबर बांटी जानी थी. लेकिन उसका आरोप है कि धान की पूरी कमाई रोक ली गई और बाद में गेहूं की फसल का पैसा भी नहीं दिया गया.
स्टांप पेपर पर साइन का आरोप
गोविंद का कहना था कि जब वह अपनी रकम मांगने पहुंचा, तो उससे स्टांप पेपर पर साइन करवा लिए गए. उसने यह भी कहा कि वह ज्यादा पढ़ा-लिखा नहीं है, इसलिए उसे दस्तावेज की पूरी जानकारी नहीं थी. उसे भरोसा दिलाया गया था कि अगले दिन भुगतान कर दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
उसने यह भी आरोप लगाया कि दोबारा पैसे मांगने पर उसे धमकाया गया और कथित रूप से रिवॉल्वर देकर शिवराज मामा और मुकेश टंडन की हत्या करने के लिए कहा गया. मना करने पर उस पर दबाव बनाया गया और मारपीट तक की गई. उसने कई लोगों पर हमले कराने के भी आरोप लगाए हैं.
परिवार ने लगाए आरोप
मृतक के बेटे दीपक गुर्जर ने भी यही आरोप दोहराते हुए कहा कि उसके पिता को मेहनत का पैसा नहीं दिया गया और उन्हें लगातार धमकाया जाता रहा. बेटे का दावा है कि पिता की मौत के पीछे सीधा कारण यही दबाव और प्रताड़ना है.
नेताओं से लगाई मदद की गुहार
एक अन्य वीडियो में गोविंद ने समाज से मदद न मिलने पर नाराजगी जताई और कहा कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह मजबूर होकर अपमानजनक कदम उठाएगा. उसने मदद के लिए राजस्थान के कांग्रेस नेता सचिन पायलट और उत्तर प्रदेश के सपा नेता अखिलेश यादव से भी गुहार लगाई थी.
पुलिस जांच जारी
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और वायरल वीडियो की सत्यता की भी जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं, शशांक भार्गव ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश बताया है. उन्होंने कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग करेंगे और सच्चाई सामने आने का इंतजार करेंगे.
ये भी पढे़ं- टाइम पर नहीं मिली एंबुलेंस, नहीं मिला सही इलाज! रायसेन में युवक की मौत पर भड़के परिजन, शव हाईवे पर रख किया चक्काजाम