‘टॉयलेट में जाने के लिए फ्लाईओवर बनवाएं क्या?’, भोपाल के 90 डिग्री वाले पुल के पास बने सुलभ शौचालय को लेकर भड़के लोग
90 डिग्री वाले पुल के पास बने टॉयलेट को लेकर विवाद हुआ.
Bhopal 90 Degree Flyover Sulabh Shauchalay Controversy: मध्य प्रदेश सच में अजब-गजब है. राजधानी भोपाल में 90 डिग्री वाला पुल पिछले दिनों काफी चर्चा में रहा था. लेकिन अब इस पुल के पास बना एक सार्वजनिक शौचालय को लेकर विवाद हो गया है. जिसके कारण ये पब्लिक टॉयलेट चर्चा का विषय बनी हुई है. इस बात से आप हैरान हो सकते हैं कि अब भला एक टॉयलेट को लेकर इतनी बहस क्यों हो रही है. 90 डिग्री वाले पुल के पास एक सार्वजनिक शौचालय बनकर तैयार हो गया है, लेकिन स्थानीय लोग इसका इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं. जिसके कारण लोगों में काफी गुस्सा है.
रेलवे की बाउंड्री वॉल के अंदर चला गया सुलभ शौचालय
दरअसल नगर निगम ने भोपाल के 90 डिग्री वाले पुल के पास ऐशबाग वाले इलाके में एक सुलभ शौचालय का निर्माण करवाया था. शौचालय बनकर भी तैयार हो गया है. लेकिन वार्ड नंबर 40 में बना ये शौचालय रेलवे की जमीन पर बनाया गया है. अब रेलवे ने अपनी जमीन पर बाउंड्रीवॉल करवा दी है. रेलवे ने अपनी जमीन पर बने सार्वजनिक शौचालय में जाने के लिए कोई रास्ता भी नहीं दिया है. जिसके कारण स्थानीय लोग शौचालय का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं.
‘टॉयलेट जाने के लिए फ्लाईओवर बनवाएं या अंडरपास?’
सोशल मीडिया पर एक शख्स का वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें ये शख्स रेलवे की बाउंड्री वॉल के पास खड़ा है. वीडियो में शख्स कहता है, ‘भोपाल में एक और नायाब नमूना देखिए. मेरे पीछे आप देख सकते हैं कि जिम्मदारों की जिद का नतीजा क्या हुआ. जिम्मेदारों ने अपनी जिद के कारण उस जगह पर सुलभ शौचालय बनाया है, जहां रेलवे की जमीन है. अब रेलवे ने बाउंड्री वॉल बना दी है. अब सुलभ शौचालय का इस्तेमाल करने के लिए फ्लाईओवर बनाना पड़ेगा या फिर अंडरपास बनाना पड़ेगा. जनता के पैसों का दुरुपयोग कब तक होता रहेगा. इनकी जवाबदेही कौन तय करेगा?’
स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस समय सार्वजनिक शौचालय बनाया जा रहा था, उस वक्त भी शिकायत की गई थी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने किसी की नहीं सुनी और अपनी मनमानी की. जिसका खामियाजा जनता भुगत रही है.
ये भी पढे़ं: MP News: बोरिंग मशीन चालक की लापरवाही से तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत, रिवर्स लेने के दौरान मशीन के नीचे दबे मजदूर