MP News: प्रशासन की उदासीनता, गांववालों का साहस! डिंडोरी में ग्रामीण चंदा जोड़कर बना रहे स्कूल
डिंडोरी: चंदा जोड़कर ग्रामीण बना रहे स्कूल
Dindori News: (अनिल साहू की रिपोर्ट) मध्य प्रदेश के आदिवासी बाहुल्य डिंडोरी जिले के समनापुर विकासखंड का शिकारीटोला गांव इन दिनों अपनी एक अनोखी पहल को लेकर चर्चा में है. यहां ग्रामीणों ने सरकारी व्यवस्था का इंतजार छोड़ अपने बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी खुद उठा ली है. हर घर से 500 रुपये का चंदा और श्रमदान के जरिए गांव वाले खुद स्कूल भवन का निर्माण कर रहे हैं. यह कहानी सिर्फ एक स्कूल की नहीं, बल्कि व्यवस्था की उदासीनता और ग्रामीणों के संकल्प की भी है.

चंदा जुटाकर स्कूल भवन निर्माण
समनापुर विकासखंड के शिकारीटोला गांव की प्राथमिक शाला का पुराना भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका था. यही वज़ह थी कि खतरे को देखते हुए प्रशासन ने उसे गिरा दिया था लेकिन नया भवन नहीं बन पाया. मजबूरी में पिछले कुछ वर्षों से गांव के एक ग्रामीण के घर में स्कूल का संचालन हो रहा है. जहां 52 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं. गांववालों ने खुद ही फावड़ा-तसला उठाया और विद्यालय के निर्माण में जुट गए.

ग्रामीण खुद कर रहे श्रमदान
ग्रामीण बताते हैं कि उन्होंने कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से नए स्कूल भवन की मांग की, लेकिन हर बार केवल सिर्फ आश्वासन मिल रहा था. आखिरकार गांव वालों ने फैसला किया कि अब बच्चों की पढ़ाई व्यवस्था की लापरवाही की भेंट नहीं चढ़ने देंगे.
ये भी पढ़ें: सिवनी में सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत, 12 घायल; मजदूरों से भरा ट्रक मकान में जा घुसा
बच्चों के भविष्य को देखते हुए हर परिवार ने 500-500 रुपये का चंदा दिया और गांव के लोगों ने श्रमदान शुरू कर दिया. महिलाएं, युवा और बुजुर्ग सभी निर्माण कार्य में हाथ बंटा रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर माहौल में शिक्षा मिले, यही उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है.