तेलंगाना में खेत ने उगला सोना, करोड़ों के गहने देख कई लोगों ने ठोका दावा, पुलिस तक पहुंचा मामला
तेलंगाना में खेत ने उगला सोना
Warangal Field Gold Treasure found: तेलंगाना के वारंगल जिले में एक खेत में अचानक सोना निकलने लगा, जिसको लेकर विवाद खड़ा हो गया. विवाद मालिकाना हक को लेकर शुरू हो गया. जिस मजदूर ने सोना पाया, वह अपने जमीन के मालिक को दे दिया. जब इसकी जानकारी जमीन के पिछले मालिक को लगी तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी. उसका कहना था कि यह जमीन बेचने से पहले उसके परिवार की थी. फिलहाल, दोनों के बीच विवाद की स्थिति बन गई है. जानें क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, 24 जून को एक महिला मजदूर खेत में घास हटा रही थी, इस दौरान उसे मिट्टी में एक चमकदार सोने जैसा टुकड़ा दिखाई दिया. जब उसकी अच्छे से खुदाई की, तो वहां पर सोने के गहने मिले. ग्रामीणों का दावा है कि खेत से मिला सोना करीब 50 तोला था, हालांकि अधिकारियों ने अभी तक इसकी मात्रा या कीमत की पुष्टि नहीं की है. लेकिन सोना मिलने के बाद विवाद जरूर हो गया.
जमीन के पिछले मालिक ने किया दावा
मजदूर ने खेत में मिले सोने को ले जाकर खेत के मालिक को दे दिया. इस दौरान सबकुछ ठीकठाक था, लेकिन जैसे ही इसकी जानकारी जमीन के पिछले मालिक को लगी, तो उसने हंगामा कर दिया. जमीन के पिछले मालिक के बेटे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. उसका दावा है कि जमीन बेचने से पहले उसके परिवार की थी. इसके बावजूद भी मौजूदा मालिक और मजदूरों ने उसे बताए बिना सोना आपस में बांट लिया.
ये भी पढ़ेंः बेंगलुरु में बड़ा हादसा, पत्थर की खदान में चट्टान खिसकने से 7 मजदूरों की दर्दनाक मौत
लोगों की लगी भीड़
फिलहाल, पुलिस ने मामले की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. लेकिन जैसे ही यह खबर लोगों तक पहुंची, लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई. लोग खेत की सोने वाली जगह को देखने पहुंच गए.