पैसों की तंगी नहीं रोकेगी आगे की पढ़ाई, इस योजना के तहत बिना सिक्योरिटी के पाएं लाखों का लोन, ऐसे करें आवेदन
पीएम विद्यालक्ष्मी योजना से पाएं लाखों का लोन
Apply PM Vidyalaxmi Yojana: भारत सरकार देश की महिलाओं, किसानों और मजदूरों की आर्थिक सहायता के लिए कई तरह की लाभकारी योजनाएं चला रही है. ऐसी ही एक योजना केंद्र सरकार देश के करोड़ों विद्यार्थियों के लिए भी चला रही है. आज हर बच्चे का यह सपना होता है कि वह अच्छे स्कूल-कॉलेज में पढ़े और उच्च डिग्री हासिल करे. लेकिन घर की परेशानियों और आर्थिक तंगी की वजह से कई बच्चे आगे की पढ़ाई नहीं कर पाते हैं और उच्च शिक्षा से वंचित रह जाते हैं.
आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की सहायता के लिए सरकार ‘पीएम विद्यालक्ष्मी योजना’ चला रही है. इसके तहत छात्र बिना कोई भी चीज गिरवी रखे और ब्याज दर में भारी छूट पाकर लोन ले सकते हैं और अपनी आगे की पढ़ाई जारी रख सकते हैं. यह योजना उन विद्यार्थियों के लिए बहुत फायदेमंद है, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और लोन लेकर अपनी उच्च शिक्षा पूरी करना चाहते हैं.
PM विद्यालक्ष्मी योजना के क्या फायदे हैं?
- यह उच्च शिक्षा के लिए केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई एक विशेष लोन योजना है.
- इस योजना के तहत पढ़ाई के लिए लोन लेने पर आपको किसी गारंटर या सिक्योरिटी को गिरवी रखने की बिल्कुल जरूरत नहीं होती.
- अगर छात्र 7.5 लाख रुपये तक का लोन लेता है, तो उसकी 75 प्रतिशत तक की गारंटी खुद भारत सरकार देती है.
- इस योजना का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश का कोई भी होनहार छात्र पैसों की तंगी या गरीबी के कारण अपनी पढ़ाई बीच में न छोड़े.
किन छात्रों को इसका फायदा मिलेगा?
- राष्ट्रीय रैंकिंग (NIRF) में टॉप 100 में आने वाले बेहतरीन शिक्षण संस्थानों में एडमिशन लेने वाले सभी विद्यार्थी.
- राज्यों के वे सरकारी संस्थान जिनकी राष्ट्रीय रैंकिंग 101 से 200 के बीच है, उनमें पढ़ने वाले विद्यार्थी.
- केंद्र सरकार द्वारा चलाए जाने वाले सभी उच्च शिक्षण संस्थानों (जैसे IIT, IIM, NIT, और केंद्रीय विश्वविद्यालय) में एडमिशन लेने वाले स्टूडेंट्स.
ब्याज में कितनी मिलेगी राहत?
- जिन छात्रों के परिवार की सालाना कमाई 4.5 लाख रुपये तक है, उन्हें तय सरकारी नियमों के अनुसार लोन के ब्याज में विशेष छूट दी जाती है.
- जिन परिवारों की सालाना कमाई 4.5 लाख से 8 लाख रुपये के बीच है, उनके बच्चों को 10 लाख रुपये तक के लोन पर पढ़ाई की कोर्स के दौरान ब्याज दर में 3 प्रतिशत की सीधी छूट मिलेगी.
ये भी पढ़ें-PM Kisan Yojana की 24वीं किस्त चाहिए तो तुरंत निपटाएं ये 3 काम, वरना अटक जाएंगे 2000 रुपए
लोन के लिए ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?
- सबसे पहले pmvidyalaxmi.co.in वेबसाइट पर जाएं.
- ‘नया रजिस्ट्रेशन’ बटन पर क्लिक करके अपना अकाउंट बनाएं.
- अपनी आईडी और पासवर्ड डालकर पोर्टल में लॉग इन करें.
- लोन आवेदन फॉर्म में मांगी गई अपनी सभी जानकारियां भरें.
- अपने जरूरी डॉक्यूमेंट्स वेबसाइट पर अपलोड करें.
- अपनी पसंद का बैंक चुनकर फॉर्म को सबमिट कर दें.
- फॉर्म जमा होने के बाद लोन की स्टेटस ऑनलाइन ट्रैक करें.