अब स्लीपर कोच में भी मिलेगा चादर-तकिया, इस ट्रेन में शुरू हुई बेडरोल सुविधा
Sleeper Coach Bedroll Facility
: रेलवे यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर कई जरूरी फैसले लेता है. इसी कड़ी में रेलवे ने यात्रियों का सफर आसान और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से एक बड़ा कदम उठाया है. पहले जहां एसी (AC) कोचों में बेडरोल की सुविधा दी जाती थी, वहीं अब स्लीपर कोच में सफर करने वाले यात्रियों को भी बेडरोल की सुविधा मिलेगी. इसके लिए रेलवे ने एक प्राइवेट कंपनी को ठेका दे दिया है. ऐसे में आइए जानते हैं कि स्लीपर कोच में बेडरोल की सुविधा किस ट्रेन से शुरू की गई है.
स्लीपर कोच में बेडरोल की सुविधा मिलने से रोजाना लाखों यात्रियों का सफर अधिक आरामदायक होगा.
बता दें कि रेलवे ने दुर्ग-भोपाल-दुर्ग अमरकंटक एक्सप्रेस के स्लीपर क्लास में बेडरोल की सुविधा शुरू की है.
स्लीपर कोच के यात्री अपनी सुविधा के अनुसार बेडरोल किराए पर ले सकेंगे. इसके लिए रेलवे ने अलग-अलग शुल्क निर्धारित किया है.
रेलवे के अनुसार, यात्रियों को चादर के लिए 40 रुपये और तकिए के लिए 30 रुपये देने होंगे.
वहीं, यदि कोई यात्री चादर और तकिया दोनों लेता है, तो उसे कुल 70 रुपये चुकाने होंगे.
रेलवे ने फिलहाल यह सुविधा दुर्ग से भोपाल जाने वाली ट्रेन संख्या 12853 और भोपाल से दुर्ग आने वाली ट्रेन संख्या 12854 अमरकंटक एक्सप्रेस में शुरू की है.
रेलवे का कहना है कि स्लीपर कोच में बेडरोल की सुविधा मिलने से यात्रियों को घर से चादर और तकिया लेकर यात्रा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
अब तक रेलवे बेडरोल की सुविधा केवल एसी कोच में उपलब्ध कराता था, लेकिन अब यह सुविधा स्लीपर कोच के यात्रियों को भी मिलेगी.