एक घूंट और खत्म हो गईं सांसें… भोपाल में पानी के धोखे में केमिकल पीने से मासूम की मौत
सांकेतिक तस्वीर
Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से बेहद दर्दनाक खबर सामने आ रही है. शहर के कोलार इलाके के एक मासूम ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. जानकारी के मुताबिक, इस बच्चे ने एक लॉन्ड्री में गलती से कपड़ों में प्रेस करने में इस्तेमाल किए जाने वाले केमिकल को पानी समझकर पी लिया. इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन इलाज के दौरान मासूम की मौत हो गई.
सिद्धार्थ भुजंग के रूप में हुई मृतक बच्चे की पहचान
मृतक बच्चे की पहचान सिद्धार्थ भुजंग के तौर पर हुई है. वह कोलार के ललिता नगर में रहता था. दूसरी क्लास में पढ़ने वाले सिद्धार्थ भुजंग के पिता यशवंत भुजंग एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं. जबकि उसकी मां दानिश कुंज में लॉन्ड्री में काम करती हैं. उनकी एक 12 साल की बेटी भी है.
पानी समझकर पी लिया केमिकल
सिद्धार्थ रोज की तरह गुरुवार की सुबह स्कूल गया हुआ था. पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, पिता यशवंत काम पर जाने से पहले उसे लॉन्ड्री में उसकी मां के पास छोड़ गए थे. लंच के बाद सिद्धार्थ ने लॉन्ड्री में रखी एक बोतल उठाई और उसमें मौजूद ट्रांसपेरेंट केमिकल को पानी समझकर पी लिया. बच्चे को तुरंत उल्टी होने लगी.
पास के प्राइवेट अस्पताल पहुंची मां
मां ने जैसे ही बच्चे की ये हालत देखी उसे तुरंत पास के ही प्राइवेट हॉस्पिटल में ले गई. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. अस्पताल में मौत की सूचना मिलने पर कोलार पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है.
छत्तीसगढ़ में हुई थी ऐसी ही घटना
इसी तरह का एक मामला बीते दिनों छत्तीसगढ़ से भी सामने आया था. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तीन साल के अबोध बालक ने पानी समझकर महुआ शराब का सेवन कर लिया. परिजन उसे मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय लेकर पहुंचे थे. जहां उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया. मृतक की पहचान कोरबा के कोरबी दुलापुर काशीमुड़ा पसान निवासी शिवलाल सिंह के तीन वर्षीय पुत्र मनीष कुमार के रूप में हुई है.
ये भी पढे़ं- MLA प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी का स्थाई वारंट जारी, हत्या की कोशिश के केस में कोर्ट हुआ सख्त