MP में सूबेदार-SI भर्ती के अभ्‍यर्थियों को आवेदन का एक और मौका, HC के आदेश के बाद 20 अक्टूबर तक भर सकेंगे फॉर्म

MP SI Recruitment: मध्य प्रदेश में सूबेदार और उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा-2026 के लिए आवेदन से चूक गए अभ्यर्थियों को एक और अवसर दिया गया है.
Madhya Pradesh Staff Selection Board

मध्‍य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल

MP SI Recruitment: मध्य प्रदेश में सूबेदार और उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा-2026 के लिए आवेदन से चूक गए अभ्यर्थियों को एक और अवसर दिया गया है. कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने हाई कोर्ट के अंतरिम आदेश के बाद संबंधित याचिकाकर्ताओं को 15 से 20 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करने की अनुमति दी है. यह भर्ती पुलिस मुख्यालय के अंतर्गत 507 पदों के लिए आयोजित की जा रही है.

हाई कोर्ट के आदेश पर मिली राहत

कर्मचारी चयन मंडल ने 15 अक्टूबर को जारी सूचना में बताया कि भर्ती प्रक्रिया से संबंधित कई याचिकाएं हाई कोर्ट में दायर की गई हैं. सुनवाई के दौरान कोर्ट ने याचिका दायर करने वाले अभ्यर्थियों को अंतरिम राहत देते हुए आवेदन जमा करने की अनुमति प्रदान की है. इसी आदेश के आधार पर मंडल ने निर्धारित अवधि में आवेदन की व्यवस्था की है.

एमपी ऑनलाइन पोर्टल से भर सकेंगे फॉर्म

संबंधित अभ्यर्थी 20 अक्टूबर 2026 तक एमपी ऑनलाइन की आधिकारिक वेबसाइट www.mponline.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. मंडल ने निर्देश दिए हैं कि आवेदन फॉर्म में सभी जानकारियां सही और पूरी भरी जाएं. जांच के दौरान कोई जानकारी गलत पाए जाने पर अभ्यर्थी की उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है. निर्धारित समय सीमा में आवेदन जमा नहीं करने वालों को इस अवसर का लाभ नहीं मिलेगा.

अंतिम फैसले तक रोका जाएगा परिणाम

हाई कोर्ट के अंतरिम आदेश के तहत आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की पात्रता फिलहाल अस्थायी रहेगी. इन अभ्यर्थियों के परीक्षा परिणाम हाई कोर्ट के अंतिम फैसले तक रोककर रखे जाएंगे. यानी आवेदन करने की अनुमति मिलने के बावजूद उनका अंतिम परिणाम न्यायालय के निर्णय पर निर्भर करेगा.

507 पदों के लिए 23 सितंबर तक हुए थे आवेदन

कर्मचारी चयन मंडल ने इस भर्ती के लिए पहले 9 सितंबर से 23 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए थे. अब न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद संबंधित याचिकाकर्ताओं को अतिरिक्त समय दिया गया है. भर्ती परीक्षा 28 अक्टूबर 2026 से दो पालियों में आयोजित की जानी है.

एसआई के सबसे ज्यादा 312 पद

कुल 507 पदों में सबसे अधिक 312 पद उपनिरीक्षक (जिला पुलिस बल) के लिए निर्धारित हैं. इसके अलावा सूबेदार के 81 और उपनिरीक्षक (विशेष सशस्त्र बल) के 69 पद शामिल हैं. शेष पद आर्म्स, फोटो, फिंगरप्रिंट सहित अन्य तकनीकी शाखाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं.

36,200 रुपये से शुरू होगा वेतनमान

सूबेदार और सब इंस्पेक्टर, दोनों पदों के लिए लेवल-9 के तहत 36,200 रुपये से 1,14,800 रुपये तक का वेतनमान तय किया गया है. आवेदन करने के पात्र अभ्यर्थियों को अंतिम तारीख से पहले ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करनी होगी.

ये भी पढे़ं- MP में 18 साल बाद होमगार्ड भर्ती की तैयारी, 5020 पदों पर होगी नियुक्ति, महिलाओं को भी मिलेगा मौका

ज़रूर पढ़ें