CG News: परीक्षा में अनियमितताओं के विरोध में जंतर-मंतर पहुंचे अमित जोगी, CJP के आंदोलन को दिया समर्थन
अमित जोगी की पार्टी JCC(J) ने CJP के आंदोलन को समर्थन दिया
CG News: नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर राष्ट्रीय परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आयोजित प्रदर्शन में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने भी अपनी भागीदारी दर्ज कराई. पार्टी ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय होना जरूरी है. इसी मांग को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई जा रही है.
राजनीतिक चुनौतियों पर बोले अमित जोगी
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी ने कहा कि वे वैचारिक रूप से कांग्रेस की सोच से जुड़े रहे हैं, लेकिन मौजूदा राजनीतिक माहौल में केवल किसी विचारधारा से जुड़ाव पर्याप्त नहीं है. उन्होंने कहा कि बदलते राजनीतिक परिदृश्य में दलों के सामने अस्तित्व बनाए रखने की बड़ी चुनौती है और इसके लिए संघर्षशीलता तथा निरंतर सक्रियता जरूरी है.
‘झेंगुरा’ के प्रतीक के साथ आंदोलन में भागीदारी
अमित जोगी ने छत्तीसगढ़ी संस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में कॉकरोच को स्थानीय भाषा में ‘झेंगुरा’ कहा जाता है. उन्होंने कहा कि वे और उनकी पार्टी इस आंदोलन में उसी पहचान के साथ शामिल हो रहे हैं और इसे संघर्ष तथा जीवटता का प्रतीक मानते हैं.
फिलहाल मुद्दा-आधारित सहयोग
पार्टी ने स्पष्ट किया कि फिलहाल CJP के साथ उसका सहयोग छात्रों और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों तक सीमित है. हालांकि भविष्य में समान विचार रखने वाले संगठनों और समूहों के साथ विभिन्न जनहित के विषयों पर मिलकर काम करने की संभावनाओं से भी इनकार नहीं किया जा सकता.
तीसरे राजनीतिक विकल्प की बढ़ती मांग
अमित जोगी ने कहा कि देश के युवाओं के बीच पारंपरिक राजनीतिक दलों के विकल्प के रूप में एक नए और प्रभावी राजनीतिक मंच की मांग लगातार महसूस की जा रही है. उनके अनुसार, समय-समय पर होने वाले जन आंदोलन राजनीतिक दलों को जनता की अपेक्षाओं का एहसास कराते हैं और आत्मविश्लेषण का अवसर भी प्रदान करते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे आंदोलन लोकतंत्र को मजबूत बनाने के साथ-साथ राजनीतिक व्यवस्था में सुधार की दिशा भी तय करते हैं.
ये भी पढे़ं- ‘शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया तो…’, CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके ने सरकार को दिया अल्टीमेटम