छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, जोमैटो ऑर्डर पर निकाले गए 3 दिव्यांग छात्र फिर से स्कूल जाएंगे

Disabled Students Readmission: अदालत ने 5 जून 2026 के निष्कासन आदेश को शून्य घोषित करते हुए विद्यालय प्रबंधन को तीनों छात्रों को तुरंत छात्रावास और स्कूल में वापस लेने के निर्देश दिए हैं. साथ ही छात्रों को नियमों व अनुशासन का पालन करते हुए पढ़ाई जारी रखने और उनके माता-पिता को बच्चों की उचित निगरानी सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई है.
jagdalpur school

जगदलपुर स्कूल

Chhattisgarh HC Zomato Order: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने शहर से सटे आड़ावाल स्थित शासकीय दृष्टिबाधित एवं श्रवणबाधित विद्यालय प्रशासन की एकतरफा कार्रवाई को रद्द करते हुए तीनों दिव्यांग छात्रों को तत्काल प्रभाव से स्कूल और छात्रावास में पुनः प्रवेश देने का सख्त आदेश दिया है. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि बिना किसी पूर्व सूचना और निष्पक्ष सुनवाई का अवसर दिए शैक्षणिक सत्र के बीच में छात्रों को बाहर निकालना प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का सीधा उल्लंघन है.

यह है पूरा मामला

मामला आड़ावाल स्थित शासकीय दृष्टिबाधित एवं श्रवणबाधित विद्यालय से जुड़ा है. संस्था के अधीक्षक ने 5 जून 2026 को एक आदेश जारी कर नमन मंडावी, हरीश नाग और लिकेश्वर नाग नामक तीन दिव्यांग छात्रों को स्कूल व छात्रावास से निष्कासित करते हुए उनके स्थानांतरण प्रमाण पत्र जारी कर दिया था. प्रबंधन ने आरोप लगाया था कि छात्रों ने ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो से भोजन मंगाया, जो संस्था के नियमों के खिलाफ है. इसके साथ ही उन पर संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और अनुशासनहीनता के भी आरोप लगाए गए थे.

याचिकाकर्ताओं की ओर से क्या कहा गया ?

याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता ने पक्ष रखते हुए कहा कि पहले छात्रों के माता-पिता को मामूली चेतावनी देकर मामला समाप्त मान लिया गया था. इसके बावजूद अचानक बिना नोटिस और पक्ष रखने का मौका दिए छात्रों का भविष्य दांव पर लगा दिया गया. वहीं, राज्य शासन के अधिवक्ताओं ने दलील दी कि छात्र दैनिक प्रशासन में हस्तक्षेप कर रहे थे और अधीक्षक के खिलाफ उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर प्रशासनिक कार्यों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे.

छात्रों को स्कूल में वापस लेने के दिए निर्देश

मामले की सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति अमितेंद्र किशोर प्रसाद ने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान में अनुशासन सर्वोपरि है, लेकिन छात्रों के भविष्य को अंधकार में डालने वाली कोई भी कार्रवाई पूरी जांच और पर्याप्त सुनवाई के बाद ही की जानी चाहिए. प्राकृतिक न्याय की अनदेखी अपने आप में पूर्वाग्रह और अधिकारों का हनन है. अदालत ने 5 जून 2026 के निष्कासन आदेश को शून्य घोषित करते हुए विद्यालय प्रबंधन को तीनों छात्रों को तुरंत छात्रावास और स्कूल में वापस लेने के निर्देश दिए हैं. साथ ही छात्रों को नियमों व अनुशासन का पालन करते हुए पढ़ाई जारी रखने और उनके माता-पिता को बच्चों की उचित निगरानी सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई है.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें