दुर्ग: भूपेश बघेल पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर कांग्रेसियों का प्रदर्शन, पुलिस प्रशासन से की कड़ी कार्रवाई की मांग

दुर्ग: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में कांग्रेसियों ने जमकर प्रदर्शन किया है.
Congress

कांग्रेसियों का प्रदर्शन

दुर्ग: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित किए जाने के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भिलाई-3 थाना परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया. बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता थाने पहुंचे और पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की.

प्रदर्शन में कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे

दरअसल प्रदर्शन में महापौर निर्मला कोसरे, सभापति कृष्ण चंद्राकर, सुजीत बघेल और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकांत वर्मा सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे. कार्यकर्ताओं का आरोप था कि सुनियोजित तरीके से पूर्व मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग किया जा रहा है.वहीं महापौर निर्मला कोसरे ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर तथ्यहीन और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित कर न केवल भूपेश बघेल की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, बल्कि इससे राजनीतिक माहौल भी प्रभावित हो सकता है.

तत्काल कार्रवाई की मांग

उन्होंने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई की मांग की.कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराने का अधिकार सभी को है, लेकिन झूठी और भ्रामक जानकारी फैलाना उचित नहीं है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस संगठन व्यापक आंदोलन करेगा.

पुलिस ने मामले में जांच की शुरू

वहीं सीएसपी प्रशांत सिंह पैकरी ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा इस संबंध में ज्ञापन सौंपा गया है. पुलिस ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.प्रदर्शन के दौरान थाना परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहा.

ये भी पढ़ेंः ‘IAS का सपना रह गया अधूरा, भगवान ऐसी पत्नी…’, 5 पन्नों का सुसाइड नोट लिखकर दी जान, UPSC की तैयारी कर रहा था युवक

ज़रूर पढ़ें