PM मोदी और CEC ज्ञानेश कुमार पर आपत्तिजनक पोस्ट, अमित जोगी के खिलाफ FIR दर्ज
अमित जोगी
Amit Jogi Controversial Video: जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी का एक सोशल मीडिया पोस्ट विवादों में आ गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर की गई टिप्पणी वाले वीडियो पोस्ट के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा विरोध जताया है. भाजपा नेताओं ने रायपुर के सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए अमित जोगी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है.
भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन
भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को सिविल लाइंस थाना पहुंचकर ज्ञापन सौंपा. इस दौरान भाजपा विधायक राजेश मूणत, समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. भाजपा का आरोप है कि अमित जोगी ने संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों के खिलाफ आपत्तिजनक और अपमानजनक सामग्री सोशल मीडिया पर पोस्ट की है, जिससे जनभावनाएं आहत हुई हैं.
पुलिस को दी गई शिकायत में भाजपा ने मांग की है कि वीडियो बनाने, उसकी पटकथा लिखने और उसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. भाजपा नेताओं ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री और चुनाव आयुक्त जैसे गरिमामय पदों का इस तरह मजाक उड़ाना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है.
विवाद बढ़ने पर अमित जोगी ने वीडियो हटाया, मांगी माफी
विवाद बढ़ता देख अमित जोगी ने उक्त वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से डिलीट कर दिया है. इसके साथ ही उन्होंने एक अन्य पोस्ट के जरिए माफी भी मांगी है.अमित जोगी ने लिखा कि अपनी बात रखने का उनका तरीका सही नहीं था. जिस संदेश को वे देना चाहते थे, उसे दूसरे तरीके से भी रखा जा सकता था. उन्होंने कहा कि व्यंग्य की भी एक सीमा होती है, जिसे वे पार नहीं करना चाहते थे. इसी वजह से उन्होंने पोस्ट हटा दी है. उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों की भावनाएं इस पोस्ट से आहत हुई हैं, उनसे वे क्षमा चाहते हैं.
SIR को लेकर उठाए थे सवाल
दरअसल, अमित जोगी लगातार देश में चल रही SIR प्रक्रिया को लेकर सवाल उठा रहे थे। उनका आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर चुनाव आयोग निष्पक्षता से काम नहीं कर रहा है. इसी मुद्दे पर उन्होंने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था, जिसके बाद यह विवाद खड़ा हो गया.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः महादेव सट्टा एप का मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर रायपुर पहुंचा, CBI करेगी पूछताछ
BJP ने दी 24 घंटे में कार्रवाई की चेतावनी
विधायक राजेश मूणत ने कहा कि अमित जोगी ने गरिमामय पदों का अपमान किया है. हमने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन देकर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई की मांग की है. अगर कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा आगे बड़ा आंदोलन करेगी. फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है.



