रायपुर में एक्सपायरी मिल्क पाउडर से नवजात की मौत का आरोप, मेडिकल स्टोर को नोटिस, पुलिस ने मामला दर्ज किया
रायपुर: परिजनों का आरोप एक्सपायरी मिल्क पाउडर से हुई नवजात की मौत
Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में परिजनों ने एक्सपायरी मिल्क पाउडर से नवजात की मौत का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि डॉक्टर ने मिल्क पाउडर के डिब्बे को देखकर बताया कि ये एक्सपायर हो चुका है. इसी वजह से नवजात बच्ची की तबीयत बिगड़ी. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है.
29 जून को जन्मी थी बच्ची
पुलिस के अनुसार चंद्रशेखर कन्नोजे की पत्नी डागेश्वर कन्नोजे ने 29 जून 2026 को जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया. पर्याप्त मात्रा में मां का दूध नहीं आने पर डॉक्टर ने मेडिकल स्टोर से मिल्क पाउडर खरीदने की सलाह दी. चंद्रशेखर ने 30 जून को मेकाहारा अस्पताल के गेट के पास स्थित मेडिकल स्टोर से मिल्क पाउडर खरीदा. दोनों बच्चियों को मिल्क पाउडर से तैयार दूध को पिलाया गया.
परिजनों का आरोप है मिल्क पाउडर से तैयार दूध को पिलाने के बाद उनकी 4 जुलाई को तबीयत खराब हो गई. इसके बाद मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया. इसके बाद दो दिनों बच्ची ICU में भर्ती रही, जहां उसकी मौत हो गई.
ये भी पढ़ें: रायपुर नगर निगम में जलभराव पर बैठक, सभाकक्ष में ही टपकने लगी छत, Video वायरल
मेडिकल स्टोर को नोटिस थमाया
पीड़ित परिवार ने मौदहापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने CMHO, ड्रग इंस्पेक्टर और फूड इंस्पेक्टर को इस मामले की जानकारी दी है. डॉक्टर का लिखित मेमो लिया गया है. इसके साथ ही मेडिकल स्टोर के डीवीआर को जब्त कर लिया गया और नोटिस दिया गया.
‘हाथ से छीना एक्सपायरी मिल्क पाउडर’
परिजनों का आरोप है कि जब मेडिकल स्टोर के पास एक्सपायरी डेट वाली मिल्क पाउडर का डिब्बा लेकर पहुंचे तो उनसे वो छीन लिया गया. स्टोर के कर्मचारी ने उन्हें दूसरा डिब्बा थमा दिया गया.