Surguja: नायब तहसीलदार तुषार मानिक को हटाया गया, सरगुजा कलेक्टर का आदेश, विधायक रामकुमार टोप्पो से विवाद के बीच एक्शन
नायब तहसीलदार तुषार मानिक
Deputy Tehsildar Tushar Manik Removed Amid MLA row: सरगुजा जिले में सीतापुर से BJP विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार तुषार मानिक के बीच विवाद चल रहा है. इसी बीच कलेक्टर सरगुजा अजीत वसंत ने नायब तहसीलदार तुषार मानिक को हटा दिया है. जारी आदेश के तहत तुषार मानिक को अंबिकापुर कलेक्टर कार्यालय अटैच किया गया है. वहीं राजापुर उप तहसील का कार्यभार भी सीतापुर तहसीलदार उमेश बाज को सौंपा गया है.

समझौते के बाद हटाए गए नायब तहसीलदार
बुधवार को सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने सीतापुर के नायब तहसीलदार तुषार मानिक और एसडीएम फागेश सिन्हा को हटाए जाने की मांग कलेक्टर अजीत वसंत से की थी. समझौते के बाद विधायक समर्थक दो आरोपियों ने थाने में सरेंडर किया था.
जानिए क्या है पूरा मामला?
सरगुजा के सीतापुर में 27 मई को नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ विधायक रामकुमार टोप्पो और समर्थकों ने मारपीट की थी. इस मामले में सीतापुर थाने में FIR दर्ज की गई है. घटना के विरोध में 28 मई से प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार हड़ताल पर चले गए थे और विधायक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे.
विधायक के दो समर्थकों ने किया सरेंडर
बुधवार को विधायक समर्थक नाजिम राजा और पंकज गुप्ता ने थाने में सरेंडर कर दिया. थाने में नाजिम राजा और पंकज गुप्ता से चेकलिस्ट पर हस्ताक्षर कराए गए और दोनों को मुचलके पर छोड़ दिया गया. वहीं, इस मामलेमें विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा था कि वे खुद गिरफ्तारी देंगे, लेकिन उन्होंने अभी तक सरेंडर नहीं किया है. विधायक रामकुमार टोप्पो का आरोप है कि नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने उनकी चचेरी बहन से अभद्रता की थी. बाद में दोनों पक्षों की शिकायत के बाद काउंटर FIR हुई थी.
ये भी पढ़ें: CG News: दांतों का पीलापन, झुकता शरीर…कोरबा में ‘धीमा जहर’ बन रहा पानी, 237 लोग फ्लोरोसिस के शिकार
तहसीलदारों ने किया था हड़ताल
वहीं विवाद बढ़ने के बाद प्रदेश भर के तहसीलदारों ने हड़ताल की थी. फिर समझौते के बाद गुरुवार से सभी तहसीलदार और नायब तहसीलदार फिर से काम पर लौट आए थे उनके साथ सरगुजा के हड़ताल पर गए राजस्व निरीक्षक और पटवारी भी ड्यूटी पर वापस आ गए थे.