ओड‍िशा में नवीन पटनायक को बड़ा झटका! देबाशीष सामंतराय ने छोड़ी पार्टी, बताई वजह

Odisha Political Crisis Update: ओडिशा में नवीन पटनायक और उनकी पार्टी को बड़ा झटका लगा है. राज्‍यसभा सांसद देबाशीष सामंतराय ने पार्टी और राज्‍यसभा सांसद पद से इस्तीफा दे दिया है. ऐसा माना जा रहा है कि वे जल्द ही बीजेपी का दामन थाम सकते हैं.
देबाशीष सामंतराय

देबाशीष सामंतराय

Naveen Patnaik Big Political Blow: ओडिशा की राजनीति में सोमवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. राज्य की सत्ता पर सालों काबिज रहने वाली बीजू जनता दल (BJD) के सीनियर नेता और राज्यसभा सांसद देबाशीष सामंतराय ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया. इस इस्तीफे से पहले उन्‍होंने पार्टी के खिलाफ नाराजगी जाहिर की थी. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी तरफ से उन्हें लगातार नजरअंदाज और कमतर महसूस कराया जा रहा था.इसी से आहत होकर उन्‍होंने पार्टी से अलग होने का फैसला किया है.

देबाशीष सामंतराय को नवीन पटनायक का करीबी माना जाता रहा है. ऐसे में उनका अचानक इस्तीफा BJD के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है. खास बात यह है कि उन्होंने सिर्फ पार्टी ही नहीं छोड़ी, बल्कि राज्यसभा सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है.

इस्तीफे में क्या बोले सामंतराय?

अपने पत्र में सामंतराय ने लिखा कि उन्होंने पार्टी और ओडिशा के लोगों के लिए पूरी निष्ठा से काम किया है, इसके साथ ही जनता के हित में काम करने का हमेशा प्रयास किया है. लेकिन, पिछले कुछ समय से उन्हें पार्टी में व्यवस्थित तरीके से किनारे किया जा रहा था. उनका कहना था कि अब पार्टी को उनकी जरूरत महसूस नहीं होती, इसलिए उन्होंने यह फैसला लिया.

उन्होंने नवीन पटनायक को राज्यसभा भेजने के लिए धन्यवाद भी दिया, लेकिन साथ ही यह भी संकेत दिया कि पार्टी के अंदर लंबे समय से असंतोष चल रहा था.

BJP में शामिल होने की चर्चा क्यों तेज हुई?

इस्तीफे के तुरंत बाद ओडिशा की राजनीति में यह चर्चा तेज हो गई कि सामंतराय जल्द ही मोहन चरण मांझी और भाजपा के अन्य नेताओं की मौजूदगी में BJP का दामन थाम सकते हैं. कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि दिल्ली में उनकी भाजपा नेताओं से बातचीत भी हुई है. इसके बाद ही उन्‍होंने पार्टी और पद दोनों से इस्तीफा दिया है.

जब पत्रकारों ने उनसे BJP में शामिल होने को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने साफ इनकार नहीं किया है. उन्होंने इतना जरूर कहा कि बहुत जल्द स्थिति साफ हो जाएगी. मतलब यह कि राजनीतिक दल का फैसला हो चुका है. बस तारीख का फैसला होना बाकी है.

देबाशीष सामंतराय ऐसे तीसरे राज्यसभा सांसद बन गए हैं जिन्होंने हाल के महीनों में BJD छोड़ी है. इससे पहले सुजीत कुमार और ममता महानता भी पार्टी छोड़कर BJP में जा चुके हैं.

अंदरूनी कलह से जूझ रही पार्टी

2024 के ओडिशा विधानसभा चुनाव में हार के बाद से BJD लगातार अंदरूनी असंतोष से जूझ रही है. पार्टी में संगठनात्मक बदलाव, नेतृत्व शैली और फैसलों को लेकर कई वरिष्ठ नेता खुलकर नाराजगी जता चुके हैं. सामंतराय ने भी पिछले साल पार्टी के कामकाज पर सवाल उठाए थे और कहा था कि BJD अपनी पुरानी विचारधारा से भटक रही है.

ये भी पढ़ें: ‘दिल्ली आइए, बात करनी है…’, मोहन यादव के शपथ ग्रहण के बाद पीएम मोदी का श‍िवराज को फोन, क्‍या हुई थी बात

ज़रूर पढ़ें