दिल्ली में ठंड और प्रदूषण की दोहरी मार, जहरीली हवा ने बढ़ाई चिंता, AQI 400 पार
दिल्ली में AQI 400 पार (फाइल फोटो)
Delhi AQI Today: दिल्ली-NCR में एक बार फिर प्रदूषण का कहर देखने को मिलने लगा है. दिल्ली में प्रदूषण गंभीर श्रेणी में आ गया है, जो दिल्ली में रहने वालों के लिए चिंता का विषय है. आज रविवार सुबह की अगर बात करें, तो दिल्ली का AQI 400 पार दर्ज किया गया है. प्रदूषण के साथ ही दिल्ली में ठंड भी बढ़ गई है, यानी इन दिनों दिल्ली में रहने वालों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, रविवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे चांदनी चौक इलाके में सबसे ज्यादा प्रदूषण दर्ज किया गया. यहां का AQI 428 दर्ज हुआ. इसके अलावा आनंद विहार का AQI 293, नोएडा का एक्यूआई 359, गाजियाबाद का एक्यूआई 242, बवाना दिल्ली का 332 और आईजीआई एयरपोर्ट का 345 दर्ज किया गया है. इसके अलावा भी कई इलाकों में प्रदूषण खराब से लेकर गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया है.
शुक्रवार की शाम से अचानक बढ़ा प्रदूषण
दिल्ली में शुक्रवार को एक्यूआई 300 से नीचे रहा, लेकिन शनिवार को 300 पार हो गया और आज रविवार को तो 400 पार दर्ज किया गया है. दिल्ली के 58 इलाकों में से 42 बहुत खराब श्रेणी और 16 खराब श्रेणी में थे. जिस प्रकार से दिल्ली में लगातार प्रदूषण बढ़ रहा है. यह काफी चिंताजनक है. जिस प्रकार से लगातार प्रदूषण और ठंड बढ़ती ही जा रही है. ऐसा लगता है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदूषण और ठंड से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है.
किस कैटेगरी में कितना AQI?
AQI को 6 कैटेगरी में बांटा गया है. जिसमें गंभीर (401-500), बहुत खराब (301-400), खराब (201-300), मध्यम प्रदूषित (101-200), संतोषजनक (51-100) और अच्छा (0-50) शामिल है. आप AQI के हिसाब से पता लगा सकते हैं कि आपके इलाके में किस कैटेगरी में AQI है. AQI 200 से ऊपर होने पर स्वास्थ्य पर असर पड़ने का खतरा बढ़ जाता है.


