इंटरव्यू देने पर भड़का डॉक्टर पति, पत्नी को दे दिया तीन तलाक, जानें पूरा मामला
इंटरव्यू देने गई पत्नी को पति ने दे दिया तलाक
UP News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की एक महिला को असिस्टेंट प्रोफेसर का इंटरव्यू देना भारी पड़ गया. इंटरव्यू देने की जानकारी पाते ही पति भड़क गया और पत्नी को तलाक दे दिया. जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. अब मामला पुलिस तक पहुंच गया है. पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर पति समेत 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानें क्या है पूरा मामला.
दरअसल, यह मामला बरेली के कैंट में मलिक इन्क्लेव, नकटिया का है. जहां रिजवाना तबस्सुम नाम की महिला ने अपने ही पति और ससुरालवालों के खिलाफ एडीजी से शिकायत दर्ज कराई है. जिसमें बताया कि उसकी शादी साल 2019 में हरिद्वार में हुई थी. शादी के कुछ दिनों तक तो सबकुछ ठीक-ठाक रहा लेकिन बाद में पति मुस्तकीम, जेठ शमीम अहमद, कलीम अहमद, अकलीम अहमद और जेठानी इसराना, सहरीन ने दहेज को लेकर ताने मारना शुरू कर दिया.
शादी के बाद मांगे 2 करोड़ रुपए
पीड़िता का आरोप है कि पति पेशे से डॉक्टर है और वह एक बड़ी अस्पताल बनाना चाहता है. जिसमें करोड़ों रुपए खर्च किए जाएंगे. अस्पताल में पैसे खर्च करने के लिए 2 करोड़ रुपए दहेज की मांग कर रहा है. पति का कहना है कि कम से कम 2 करोड़ रुपए तो मिलने ही चाहिए. पीड़िता के अनुसार, कई बार विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई, लेकिन दोनों पक्षों के बीच समझौता हो जाता था.
ये भी पढ़ेंः कागज फेंके, अभद्र टिप्पणी की… याचिकाकर्ता का SC में हंगामा, दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया
इंटरव्यू देने पर दे दिया तलाक
पीड़िता का आरोप है कि वह 3 जनवरी 2025 को हरिद्वार में असिस्टेंट प्रोफेसर का इंटरव्यू देने गई थी. इस दौरान उसके ससुरालवाले पहुंचे और रास्ता रोककर दबाव बनाने लगे. जब इसका विरोध किया तो पति ने तलाक दे दिया. जिसकी वजह से उनके पिता की तबीयत खराब हो गई. इस दौरान जब न्यायालय में पति के खिलाफ याचिका दायर की तो जुलाई महीने में भी तलाक दे दिया और कहने लगा कि मैं शरीयत को मानता हूं, यूसीसी और कानून को नहीं. फिलहाल, पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.