खाने में नहीं मिला चिकन लेग पीस तो बारातियों ने जमकर मचाया उत्पात, आपस में भिड़े बाराती-घराती, दूल्हा भी हुआ नाराज
कानपुर में चिकन लेग पीस के लिए मारपीट
Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में शादी के दौरान खाने को लेकर मारपीट शुरू हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि लड़के पक्ष वाले बिना शादी के ही लौटने की बात करने लगे. लड़की वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाइश दी, तब राजी हुए. यूपी की शादी का यह कोई पहला मामला नहीं है, जब खाने को लेकर मारपीट की गई हो. इस साल कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें खाने को लेकर विवाद देखने को मिला. जानें क्या है पूरा मामला?
दरअसल, कानपुर के बिलोरी इलाके में शनिवार को मऊ जिले से एक बारात आई थी. बारात दूर से आने की वजह से बारातियों को भूख लगी थी. इसलिए ज्यादातर बाराती जयमाल और अन्य रस्मों को छोड़कर सीधे खाने में जा पहुंचे. लेकिन इस दौरान खाने के डोंगे से लेग पीस ही गायब मिली. यह देखकर बाराती नाराज हो गए और विवाद करने लगे. लड़की पक्ष वाले काफी समझाने का प्रयास किए लेकिन तब तक दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई.
पुलिस ने किया बीच-बचाव
जब विवाद बढ़ता ही चला गया, तो दुल्हन पक्ष के लोगों ने पुलिस को बुला लिया. हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने दोनों पक्षों को समझाइश देते हुए मामले को शांत कराया. जब लड़की वालों ने बारातियों के आरोपों की जांच की तो हैरान रह गए, क्योंकि भारी मात्रा में लेग पीस बचे हुए थे, जबकि बारातियों का कहना था कि लेग पीस ही खत्म हो गए. बाद में लेग पीस निकालकर बारातियों को परोसा गया. जिसके बाद मामला शांत हुआ.
ये भी पढ़ेंः विनोद तावड़े के लखनऊ दौरे से UP में कैबिनेट विस्तार की अटकलें तेज, आज CM योगी से करेंगे मुलाकात
बारात वापस करने को लेकर अड़े बाराती
लेग पीस खत्म होने के विवाद के बीच लड़की पक्ष के चाचा ने बताया कि डोंगे तो भरे रखे थे, लेकिन बाराती पहले खा लिए, यह बात बारातियों को नागवार गुजरी और फिर मारपीट शुरू हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि लड़के वाले बारात वापस कराने की बात कहने लगे. यह सुनते ही लड़की वाले भी गुस्सा हो गए और बोले कि ले जाओ बारात, लेकिन हमारा खर्च वापस कर दो. बाद में पुलिस ने समझाइश दी कि छोटी-मोटी बातों पर रिश्ते खराब नहीं करते. मामला शांत होने के बाद विवाह हुआ और सुबह बारात विदा हुई.