विदेश यात्राओं पर लगने वाला है टैक्स? रिपोर्ट्स पर खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया जवाब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
PM Modi on Foreign Travel: दुनियाभर में ईरान-अमेरिका तनाव का असर देखने को मिल रहा है. यही वजह है कि पीएम मोदी ने भी लोगों से इस समय विदेश यात्रा न करने की अपील की है. इसके साथ-साथ उन्होंने कहा कि जितना हो सके लोगों को फ्यूल की बचत करनी चाहिए. इन सब अपीलों के बीच एक खबर सामने आई की सरकार विदेश यात्रा पर आने वाले दिनों में अतिरिक्त टैक्स लगाने की तैयारी कर रही है. जैसे ही यह खबर सामने आई खुद पीएम मोदी ने इसका खंडन करते हुए पोस्ट किया है.
देश में पिछले 12 सालों में ऐसा पहली बार है जब पीएम मोदी ने किसी खबर का खंडन किया हो. विदेश यात्रा पर टै्स या अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने की अटकलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद सामने आकर इन खबरों को गलत बताया है. सोशल मीडिया पर जारी बयान में पीएम मोदी ने साफ कहा कि सरकार की ओर से विदेश यात्रा पर किसी तरह का टैक्स, सेस या सरचार्ज लगाने पर कोई विचार नहीं हो रहा है.
This is totally false.
— Narendra Modi (@narendramodi) May 15, 2026
Not an iota of truth in this.
There is no question of putting such restrictions on foreign travel.
We remain committed to improving ‘Ease of Doing Business’ and ‘Ease of Living’ for our people. https://t.co/9lxjbxz0nV
पीएम मोदी को क्यों देनी पड़ी इस तरह की सफाई
दरअसल, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि बढ़ती वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और कच्चे तेल की कीमतों के दबाव को देखते हुए सरकार विदेश यात्राओं पर अस्थायी टैक्स लगाने पर विचार कर सकती है. खबरों में यह भी कहा गया कि यह प्रस्ताव उच्च स्तर पर चर्चा में है. इसे एक साल के लिए लागू किया जा सकता है.
इन दावों के सामने आने के बाद पीएम मोदी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसी खबरों में “रत्ती भर भी सच्चाई नहीं” है. उन्होंने दोहराया कि सरकार लोगों की जिंदगी आसान बनाने और कारोबार को सुविधाजनक करने की दिशा में काम कर रही है, न कि विदेश यात्रा पर पाबंदियां लगाने की.
नहीं लगेगा कोई टैक्स
प्रधानमंत्री के बयान के कुछ देर बाद संबंधित मीडिया संस्थान ने भी अपनी रिपोर्ट वापस लेते हुए खेद जताया है. इसके बाद यह साफ हो गया कि फिलहाल केंद्र सरकार की ओर से विदेश यात्रा पर किसी नए टैक्स की तैयारी नहीं की जा रही है.
यह पूरा विवाद ऐसे समय में सामने आया जब हाल ही में पीएम मोदी ने लोगों से ईंधन की बचत, गैर-जरूरी खर्च कम करने और जरूरत पड़ने पर ही विदेश यात्रा करने की अपील की थी. हालांकि अब सरकार की ओर से स्पष्ट कर दिया गया है कि इन अपीलों का मतलब किसी नए टैक्स या प्रतिबंध से नहीं है.
ये भी पढ़ें: 19 मई को बस्तर के दौरे पर रहेंगे अमित शाह, समीक्षा बैठक को लेकर सीएम साय ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी