उपद्रवियों के पोस्टर चौराहों पर लगेंगे, श्रमिकों के सम्मान से कोई समझौता नहीं, नोएडा प्रदर्शन पर CM योगी का निर्देश
सीएम योगी आदित्यनाथ
Noida Protest: उत्तर प्रदेश के नोएडा की घटना के बाद योगी सरकार ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि श्रमिकों के अधिकारों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. अगर श्रमिक नियमों का उल्लंघन किया गया, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही योगी आदित्यनाथ ने गहन जांच कराने के भी आदेश दिए हैं. इसके साथ ही सोशल मीडिया पर लगातार मॉनीटरिंग के भी निर्देश दिए हैं.
सीएम योगी ने कहा, “हर औद्योगिक इकाई में ग्रीवांस सेल अनिवार्य तौर पर होना चाहिए जिससे शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके. अफवाह व दुष्प्रचार करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी. नोएडा की घटना को लेकर कहा कि गैर-श्रमिक उपद्रवी तत्वों की पहचान कर उनकी तस्वीरें सार्वजनिक स्थलों पर प्रदर्शित की जाएं. इसके साथ ही श्रमिकों के लिए डॉरमेट्री निर्माण एवं सस्ते, सुलभ आवासीय योजनाओं की कार्ययोजना जल्दी तैयार करने के निर्देश दिए.
उपद्रवियों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई
सीएम योगी ने यह निर्देश बुधवार की शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दिया. उन्होंने साफ कहा कि जो व्यक्ति असली मजदूर नहीं है. अगर वह औद्योगिक अशांति फैलाने, उपद्रव करने या अव्यवस्था फैलाते पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ेंः तीन पत्नियां और करोड़ों का हेरफेर, सरकारी चपरासी की करतूत जानकर हो जाएंगे हैरान
सार्वजनिक जगहों पर लगेंगे पोस्टर
सीएम ने कड़े शब्दों में निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे लोगों की पहचान कर उनको बेनकाब करने के लिए सार्वजनिक जगहों पर उनकी तस्वीर लगाई जाए, ताकि आम जनता को भी सच्चाई पता लग सके. ऐसे लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी. उन्होंने कहा कि श्रमिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हर हाल में होना चाहिए. इसके साथ ही औद्योगिक इकाइयों के सहयोग से कार्यस्थलों पर गुणवत्तापूर्ण मेस सुविधा विकसित करने की बात कही.