पंजाब में अकाली नेता नवतेज सिंह की हत्या से सनसनी, परिवार ने भाई पर लगाया आरोप
नवतेज सिंह उर्फ नीतू
Punjab News: पंजाब में गोलीबारी का सिलसिला खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. अब लुधियाना में शिरोमणि अकाली दल के नेता नवतेज सिंह उर्फ नीतू की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई. परिवार का आरोप है कि जमीन के विवाद के चलते उनके भाई ने ही उनकी हत्या की है. आरोप यह भी है कि 13 राउंड गोलियां चलाईं गई.
परिवार ने बताया कि शनिवार को जब वह घर लौट रहे थे, तो लाधुवाल में बाइक सवार दो लोगों ने कथित तौर पर उन्हें गोली मार दी. दोनों लोगों ने उनकी टोयोटा इनोवा गाड़ी को रोका और कथित तौर पर 13 राउंड गोलियां चलाईं. यह घटना उनकी इनोवा के डैशकैम में भी रिकॉर्ड हो गई.
नवतेज सिंह पहले अपने ही गांव के सरपंच भी रह चुके हैं. गोलीबारी के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बेटे ने परिवार पर ही लगाए गंभीर आरोप
नवतेज सिंह के बेटे आलमजीत सिंह ने कहा कि उनकी साज़िश रचकर हत्या की गई है. उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में आठ लोगों के नाम बताए हैं, जिनमें उनके चाचा पाल सिंह, परिवार के अन्य सदस्य और गांव के मौजूदा सरपंच शामिल हैं.
उन्होंने कहा कि इस हत्या के पीछे की वजह ज़मीन का विवाद है, जिसे लेकर कोर्ट में मामले चल रहे हैं. पेशे से वकील आलमजीत ने बताया कि उन लोगों ने उन्हें और उनके पिता को कई बार धमकियां दी थीं.पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें: राज्यसभा की 2 सीटों पर BJP उम्मीदवारों के नाम का ऐलान, दिनेश आर्य-कोयल मल्लिक को मौका