दिल्ली चुनाव में पहली बार विधानसभा पहुंचे 32 विधायक, मोहन सिंह बिष्ट ने की इस रिकॉर्ड की बराबरी
हरीश खुराना और कैलाश गंगवाल
Delhi Election: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में भारतीय जनता पार्टी को बड़ी जीत मिली है. देश के राजधानी में 27 साल बाद बीजेपी की सरकार बनने जा रही है. कल घोषित हुए नतीजों में बीजेपी को 48 और आप को 22 सीट मिली. वहीं कांग्रेस का एक बार फिर खाता नहीं खुला. इस बार चुनाव में कई विधायक पहली बार विधानसभा जाएंगे. ये प्रत्याशी कई बड़े नामों के हराकर जीते हैं.
ऐसे विधायकों की संख्या 32 है जो पहली बार विधायक चुने गए हैं. पहली बार विधायक चुने जाने वालों में बीजेपी के सतीश उपाध्याय, हरीश खुराना, रेखा गुप्ता, शिखा रॉय, श्याम शर्मा जैसे नाम शामिल हैं. वहीं आले मोहम्मद इकबाल और चौधरी जुबेर अहमद पहली बार विधायक चुने गए.
पूर्व सीएम मदन लाल खुराना के बेटे हरीश खुराना मोती नगर विधानसभा सीट से जीत कर पहली बार विधायक बने हैं. हरीश पिछले कुछ समय से बीजेपी के प्रवक्ता के रुप में काम कर रहे थे. उन्होंने आप के शिव चरण गोयल को 11,657 वोटों से हरा दिया.
शकूर बस्ती में बीजेपी के करनैल सिंह ने आप नेता और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को हरा दिया. करनैल सिंह पहली बार विधायक बने हैं. वहीं मादीपुर से कैलाश गंगवाल भी पहली बार विधायक बने. उन्होंने आप की राखी विरला को हरा दिया.
भाजपा के वरिष्ठ नेता मोहन सिंह बिष्ट ने छठी बार विधायक बनकर शोएब इकबाल के रिकॉर्ड की बराबरी की. भाजपा के अरविंदर सिंह लवली और राजकुमार चौहान पांचवीं बार विधायक बनने में सफल रहे. वहीं गोपाल राय, अमानतुल्लाह और इमरान हुसैन ने तीसरी बार जीत दर्ज की है.
मटिया महल विधानसभा सीट से आले मोहम्मद इकबाल पहली बार विधायक बने हैं. उन्होंने बीजेपी की दीप्ति इनदौरा को 42 हजार से ज्यादा के अंतर से हरा दिया. वे 2024 में दिल्ली नगर निगम के उप महापौर के रूप में कार्य किया है. इकबाल ने 22 साल की छोटी उम्र में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी. आप के ही जुबेर अहमद भी सीलमपुर से बड़ी जीत के साथ पहली बार विधायक बने. उन्होंने बीजेपी के अनिल कुमार शर्मा को 42 हजार के ज्यादा अंतर से हराया.



